नालंदा में महिला ने दो बच्चों को मार डाला, वारदात के बाद फांसी लगाकर दी जान
- पारिवारिक विवाद में खौफनाक कदम, पति फरार, परिजनों का पति पर हत्या का आरोप
नालंदा। बिहार के नालंदा जिले में रविवार को एक ही परिवार के तीन सदस्यों का शव मिला है। मरने वालों में मां-बेटी और बेटा शामिल हैं। तीनों का शव घर में ही पड़ा था। पुलिस के मुताबिक, मृतक महिला ने ही दोनों बच्चों की पहले गला दबाकर हत्या की और फिर फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान सरिता देवी (मां), प्रिया कुमारी (बेटी) और प्रिंस कुमार (बेटा) के रूप में की गई है। परिजनों का कहना है कि मृतका सरिता देवी के पति ने ही तीनों की हत्या कर लटका दिया है। वहीं इस घटना के बाद पति फरार है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा। घटना हिलसा थाना क्षेत्र के भट्ठबीघा गांव की है। हिलसा डीएसपी सुमित कुमार ने कहा कि आज सुबह 9 बजे सूचना मिली कि एक महिला और उसके दो बच्चों का शव पड़ा है। बेटी की उम्र 12 और बेटे की उम्र 10 साल है। दोनों के गले पर निशान है। शक है कि तीनों की गला दबाकर हत्या की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक, पति और पत्नी के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा था। सुबह में पति खेत में गया था। इसी दौरान महिला ने घटना को अंजाम दिया। मोके पर FSL की टीम को बुलाया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से कारण का पता चलेगा। पति फरार है। उसकी खोजबीन की जा रही है। मृतका के परिजन की ओर से अभी आवेदन नहीं दिया गया है। सरिता देवी के भाई सुजीत कुमार ने बताया कि बहन के ससुराल के गांव वालों ने जानकारी दी कि सरिता और दोनों बच्चों की मौत हो गई है। जितेंद्र यादव अक्सर उनकी बहन को प्रताड़ित किया करता था। कभी खेत में फसल लगाने के नाम पर तो कभी मवेशी लेने के नाम पर मारपीट करता था। अक्सर मायके से पैसे लाने का दबाव बनाता था। सरिता देवी का मायका नालंदा जिला के पीर बीघा ओपी अंतर्गत पीर वीघा में है। 15 साल पहले उसकी शादी जितेंद्र यादव से हुई थी। महिला अपने ससुराल में पति,दो बच्चे और जितेंद्र के बड़े भाई के साथ रहती थी। बड़े भाई की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। घटना के बाद से वह भी फरार है। पति खेती बाड़ी का काम करता है।


