फतुहा: बदमाशो ने मुखिया पर चलाई गोली, बिजली मिस्त्री की मौत, ट्रक अनियंत्रित होकर शिव मंदिर में घुसा
वाइक सवार बदमाशो ने मुखिया पर चलाई गोली, बाल बाल बचे मुखिया, प्राथमिकी दर्ज
फतुहा। मंगलवार की देर रात नियाजीपुर गांव के पास वाइक सवार दो बदमाशो ने गाली-गलौज करते हुए मोमिन्दपुर पंचायत के मुखिया टुनटुन राय उर्फ महेश कुमार के वाहन पर गोली चला दी। इस घटना में मुखिया टुनटुन राय बाल बाल बच गए। उन्होंने इस बात की जानकारी तत्काल पुलिस को दी। सुचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया तथा देर रात आरोपियों को दबोचने के लिए छापेमारी की। इसी दौरान पुलिस ने बदमाशो की वाइक को करबिगहा गांव के पास से बरामद कर लिया। दोनों बदमाश भागने में सफल हो गए। बताया जाता है कि बीते रात्रि मुखिया टुनटुन राय नियाजीपुर गांव में पीसीसी पथ का निर्माण कार्य का निरीक्षण करने गये थे। देर रात ग्रामीणो से मिलकर अपने स्कार्पियो द्वारा घर लौट रहे थे तभी गांव के बाहर वाइक पर सवार दो बदमाशो ने गाली-गलौज करते हुए उनके गाड़ी पर गोली चला दी। थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है तथा बदमाशो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दूध वाहन ट्रक से टकरायी, एक जख्मी
फतुहा। बुधवार को सुबह घने कोहरे के बीच मोजीपुर में एक दुध वाहन सामने से आ रही एक ट्रक से टकरा गई। इस घटना में दूध वाहन के आगे का भाग क्षतिग्रस्त हो गया तथा इस वाहन का चालक सह बितरक गंभीर रुप से जख्मी हो गया। घटना को देख मोजीपुर मुखिया विजय कुमार ने तत्काल जख्मी चालक को अस्पताल भेजा। जख्मी चालक विशाल कुमार है जो आशीर्वाद दूध का बितरक है। जख्मी विशाल कुमार के अनुसार वह दूध की डिलेवरी देने के लिए फतुहा बाजार आ रहा था तभी घने कोहरे के कारण ही यह दुर्घटना हो गई। ट्रक चालक ट्रक को लेकर भागने में सफल हो गया।
उत्क्रमित उच्च विद्यालय से चोरों ने उड़ाए लाखों की सामग्री
फतुहा। बीते मंगलवार की रात्रि प्रखंड के दौलतपुर गांव स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय से चोरो ने करीब एक लाख रुपये की स्मार्ट क्लास की सामग्री चोरी कर ली। चोरो ने इस घटना को अंजाम दरवाजे में लगी हैंडिल लॉक को तोड़कर दिया है। इस घटना की जानकारी स्कूल प्रभारी शिवनाथ सिंह को तब लगी जब बुधवार को सुबह वे स्कूल पहुंचे। उनके अनुसार चोरो ने स्मार्ट क्लास रुम से टीवी, बैट्री, यूपीएस, डाटा केबल, पेन ड्राइव व केबल तार समेत एक लाख की सामग्री चोरों द्वारा चोरी कर ली गई है। उन्होंने इस सन्दर्भ मे गौरीचक थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज करायी है। शिकायत के आलोक मे पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया है। पुलिस मामले की छानबीन करने मे जुटी है।
शराब के नशे में अपने ही घर में तोड़फोड़ करने वाला गिरफ्तार
फतुहा। बीते मंगलवार की रात्रि गोविंद पुर से एक युवक को गिरफ्तार किया है जो शराब के नशे में अपने ही घर में तोड़फोड़ कर रहा था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने यह कारवाई की है। युवक धर्मेंद्र कुमार है। पुलिस ने उसे शराब पीने के आरोप में जेल भेज दिया है।
सीढ़ी से गिरकर बिजली मिस्त्री की मौत
फतुहा। बुधवार को दोपहर बाद बुद्ध देव चक गांव के पास फोरलेन के किनारे स्थित एक गोदाम मे काम कर रहे बिजली मिस्त्री की सीढ़ी से गिरकर मौत हो गई। हालांकि उसके सहयोगी लोग तत्काल पीएचसी लाए लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र के चक पहाड़पुर गांव निवासी पच्चीस वर्षीय गुड्डू राय के रुप मे हुई है। बताया जाता है कि मृतक अपने सहयोगियों के साथ ठेकेदारी के तहत दस फीट उपर में बांस के सीढ़ी के सहारे बिजली का काम कर रहा था तभी सीढ़ी असंतुलित हो गई और मृतक सीढ़ी से गिर पड़ा। सहयोगी किसी तरह की क्लेम किए बिना शव को उसके घर लेकर चले गए
ट्रक अनियंत्रित होकर शिव मंदिर में घुसा और पलटा
फतुहा। बीते मंगलवार की देर रात नदी थाना क्षेत्र के कच्ची दरगाह स्थित टेढ़ी पुल के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर वंहा पर स्थित शिव मंदिर में जा घुसा और पलट गया। इस घटना में जंहा ट्रक चालक बाल बाल बच गया वहीं शिव मंदिर का आगे का हिस्सा पुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मंदिर के भीतरी भाग का भी कुछ हिस्सा ध्वस्त हो गया है। घटना की खबर लगते ही आसपास के लोग जुटे और ट्रक चालक को शराब के नशे के हालत में पकड़कर नदी थाना पुलिस को सौंप दिया। ट्रक चालक गढोचक निवासी मुकेश कुमार है। बताया जाता है कि ट्रक पर खाद लदा हुआ था तथा वैशाली के लिए जा रहा था। नदी थाना प्रभारी सकेंद्र कुमार बिंद ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
चार दिन पहले मिले किशोर को भेजा गया चाइल्ड लाइन
फतुहा। बुधवार को पुलिस ने चार दिन पहले बरामद किए गए किशोर को चाइल्ड लाइन भेज दिया है। चौदह वर्षीय किशोर को पुलिस ने ग्रामीणो की सूचना पर शिवचक गांव के पास से बरामद किया था। किशोर की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के काटी थाना क्षेत्र के चख मुर्मू निवासी मोहम्मद एनुल के पुत्र नफीस के रुप मे हुई है। पुलिस के अनुसार किशोर के बरामदगी के बाद परिजनों को सूचना दी गई थी लेकिन अभी तक वे लोग किशोर को ले जाने के लिए फतुहा नही आए हैं। फिलवक्त उसे पटना के एक चाइल्ड लाइन में रखा गया है।
स्कूली छात्राओं ने लगाया विज्ञान की प्रदर्शनी
फतुहा। बुधवार को स्थानीय व्यापार मंडल मध्य कन्या विद्यालय में छात्राओं ने विज्ञान की प्रदर्शनी लगाकर सबको स्तब्ध कर दिया। यह प्रदर्शनी ग्लोबल वार्मिंग को लेकर की गई थी। प्रदर्शनी के माध्यम से ग्लोबल वार्मिंग के कारण किस तरह पर्यावरण पर प्रभाव पड़ रहा है, को छात्राओं ने बाखूबी दिखलाने की कोशिश की है। वर्ग अष्टम व सप्तम के छात्राओं में इस प्रदर्शनी को लेकर काफी उत्साह देखा गया। इस मौके पर स्कूल के शिक्षक गण के साथ साथ आगंतुक भी मौजूद थे।

