आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत होगा मानव श्रृंखला: बशिष्ठ, जानिए अन्य जदयू नेताओं की प्रतिक्रिया
पटना। जल जीवन हरियाली अभियान के समर्थन में आयोजित मानव श्रृंखला के बाद अनिसाबाद गोलंबर के पास प्रो. रणबीर नंदन के आवास पर पत्रकारों से बात करते हुए जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद बशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि जदयू के विधान पार्षद प्रो. रणबीर नंदन के सफल निर्देशन में छात्र जदयू व पटना महानगर जदयू के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला में शामिल होकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इससे पूर्व वहां छात्र जदयू व महानगर जदयू के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मानव श्रृंखला में राज्य के चार करोड़ से अधिक लोगों ने शामिल होकर पर्यावरण के संकट से बचाव का संदेश दिया। जो हमारी आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संकट से बचाव के लिए ज्यादा से ज्यादा वृक्ष लगाकर हरित आवरण को बढ़ाना होगा। उन्होंने कहा कि जीवित रहने के लिए जल व हरियाली आवश्यक है। उन्होंने एकताबद्ध होकर मानव ऋंखला में भाग लेने के लिए प्रो. नंदन व उनकी टीम को बधाई भी दिया।


वहीं प्रो. रणबीर नंदन ने कहा कि जलवायु संकट व सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस पहल पर बिहारवासियों ने मानव श्रृंखला बनाया यह पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में देश के लिए मॉडल बनेगा। यह मानव श्रृंखला देश को जलवायु संकट से बचाव के लिए पथ प्रदर्शित करेगा।
इस मौके पर छात्र जदयू के प्रदेश अध्यक्ष श्याम पटेल, पटना महानगर जदयू के अध्यक्ष अमर कुमार सिन्हा, छात्र जदयू के अंकित तिवारी, रवि प्रकाश ज्योति, अनंत कुमार, रिंकल पटेल, अजीत कुमार, पूर्व पुसु अध्यक्ष मोहित प्रकाश, कुमार सत्यम, कृष्णा पटेल, सादाब आलम सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे।
मानव श्रृंखला की मिली अभूतपूर्व सफलता: राजीव रंजन
पटना। जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने मानव श्रृंखला की अभूतपूर्व सफलता के लिए बिहार की जनता को बधाई देते हुए कहा कि राज्य ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एक बार फिर इतिहास रच दिया है। श्री प्रसाद ने सिमेज द्वारा मानव श्रृंखला के पूर्व आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन, ओजोन सतह विखंडन, ग्रीन हाउस गैस उत्सर्जन जैसे सवाल मानवता एवं पृथ्वी के शत्रु हैं। इनका समाधान जल जीवन हरियाली के रोडमैप के जरिए नीतीश कुमार ने अपना विजन विश्व के समक्ष रख दिया है। श्री प्रसाद के साथ सबीऊद्दिन अहमद, राजेंद्र यादव, नागेन्द्र कुमार, धनंजय शर्मा, संजू कुमारी एवं प्रभात रंजन भी ईको पार्क के समीप मानव श्रृंखला में शामिल हुए।
जल जीवन हरियाली मानव श्रृंखला ने नया कृतिमान बनाया
पटना। जदयू के प्रदेश प्रवक्ता अरविन्द निषाद ने कहा कि जल जीवन हरियाली मानव श्रृंखला ने विश्व में नया कृतिमान स्थापित किया है। जल जीवन हरियाली मानव श्रृंखला के जन जागरण अभियान में राज्य के 05 करोड़ लोगों ने अपनी इच्छा से हाथ में हाथ जोड़े मानव श्रृंखला का हिस्सा बन इतिहास रचे। निषाद ने कहा कि 16 हजार से अधिक किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बिना किसी जोर जबरदस्ती से बना। राज्य के आम लोगों ने स्वेच्छा से मानव श्रृंखला में शामिल होकर पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक बुराईयों के खिलाफ एकताबद्ध होकर संदेश दिया है। अरविन्द निषाद ने राजद एंव नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव की निंदा करते हुए कहा कि जल जीवन हरियाली मानव श्रृंखला का विरोध कर राज्य के 13 करोड़ नागरिकों का विरोध किया है।

