खबरें फतुहा की: फतुहा के लाल ने बढ़ाया मान, दो गुटों में मारपीट, मां-बेटा जख्मी, टेम्पो चोरी

फतुहा के लाल ने बढ़ाया बिहार का मान
फतुहा। रसलपुर निवासी रणजीत कुमार यादव ने 29 दिसम्बर को नवी मुंबई में आयोजित वर्ल्ड लांगेस्ट सिंगिंग मैराथन गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड इवेंट का हिस्सा बनकर देश का मान बढ़ाया है। इनका दावा है कि इस इवेंट ने चीन के 792 घंटे का नॉन स्टॉप सिंगिंग का रिकॉर्ड तोड़कर 895 घंटे 5 मिनट का रिकॉर्ड बना भारत के नाम दर्ज करा लिया। फतुहा के रसलपुर निवासी नरेश सिंह के पुत्र रणजीत कुमार ने बताया कि लगातार 40 से अधिक गाने गाकर टीम को जीत दिलाने और वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने में मेरा सहयोग रहा। नवी मुंबई के फाइनल आयोजन में मुख्य अतिथि कल्पना चावला के पिता बनारसी लाल चावला भी मौजूद थे। फिलहाल रणजीत मुंबई में आईआईटी, नीट के विद्यार्थियों को केमिस्ट्री पढ़ाते हैं।

चौराहा के पास से टेम्पो चोरी
फतुहा। शुक्रवार की दोपहर चौराहे के निकट स्थित मछली बाजार के पास से एक टेम्पो की चोरी हो जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संदर्भ में टेम्पो चालक सह मालिक सुकुलपुर गांव निवासी संजय कुमार ने थाने में शिकायत दर्ज करायी है। बताया जाता है कि वह मालसलामी से लौटकर सवारी खाली करने के बाद टेम्पो को मछली बाजार के पास खड़ी कर दी तथा खाना खाने चला गया। आधे घंटे बाद जब वह वहां पहुंचा तो उसकी टेम्पो गायब थी। शिकायत के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

जन जन को संदेश देकर हरियाली के लिए बनाएंगे मानव श्रृंखला 
फतुहा। शुक्रवार को स्कूली बच्चों के द्वारा मानव शृंखला को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। यह रैली शहर के चाणक्य पब्लिक स्कूल के द्वारा निकाली गई। रैली गोविंदपुर से निकलकर चौराहा होते हुए वापस महारानी चौक लौट गयी। इस दौरान स्कूली बच्चों ने धरती की हरियाली कायम रखने के लिए कई नारे भी लगाए। जल को बचाएंगे तथा वृक्ष लगाएंगे। धरती को हरा भरा बनाएंगे। पानी है तो हरियाली है, जीवन में खुशहाली है आदि नारे लगाए गए। इस अवसर पर स्कूल के निदेशक व शिक्षक मौजूद थे।

पुराने विवाद को लेकर दो गुटों के बीच मारपीट, मां-बेटा जख्मी
फतुहा। शुक्रवार को सोनारु गांव में पुराने विवाद को लेकर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में एक गुट के तरफ से मां-बेटे जख्मी हो गए। दोनों जख्मी का इलाज पीएचसी में कराया गया। बताया जाता है कि सोनारु गांव निवासी हीरा मिस्त्री की पत्नी का बगल के ही मंजू देवी के साथ झगड़ा हो गया। यह झगड़ा देखते ही देखते दोनों के परिजनों के बीच मारपीट में तब्दील हो गई। घटना में हीरा मिस्त्री की पत्नी व बेटे घायल हो गए। इस मामले में दोनों पक्ष के द्वारा थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी है। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

You may have missed