February 21, 2026

आईजीआईएमएस मे रैगिंग: सीनियर छात्रों ने जूनियर छात्रों को बेरहमी से पीटा, केस दर्ज

पटना। इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में एमबीबीएस के जूनियर छात्र ने दो सीनियर छात्रों पर मारपीट और गाली गलौज का आरोप लगाते हुए शास्त्रीनगर में मामला दर्ज कराया है। आईजीआईएमएस के 2022 बैच के छात्र नीतेश कुमार ने सीनियर पर मारपीट और रैगिंग करने का आरोप लगाते हुए शास्त्रीनगर थाने में केस दर्ज कराया है। वहीं इस मामले में आईजीआईएमएस के उप निदेशक डॉ मनीष मंडल ने बताया कि यह मामला रैगिंग का नहीं है। मंडल ने कहा कि आईजीआईएमएस निदेशक ने कॉलेज के प्राचार्य रंजीत गुहा की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाया है। उन्होंने बताया कि इस कमेटी में प्राचार्य के अलावा जनरल सर्जरी के विभागाध्यक्ष डॉ। पीके झा, शिशु रोग विभाग के डॉ रिजवान अहमद, पीआरओ परवेज अहमद खान और प्रशासनिक अधिकारी संजय कुमार शामिल हैं। समिति को एक सप्ताह में रिपोर्ट देने को कहा गया है। वहीं पीड़ित छात्र का आरोप है कि वह नौ अगस्त को निर्धारित समय पर कक्षा में गया, तभी 2020 बैच के छात्रों ने उसकी कॉलर पकड़ ली और गाली-गलौज करने लगे। वह किसी तरह उनकी चंगुल से छूटकर सीडीए कॉलोनी पार्क होते हुए अपने घर जाने लगा तो रास्ते में फिर उसे घेर लिया गया और उसके साथ मारपीट की गई। आस-पास के लोगों के जुटने पर सभी वहां से भाग गए। पीड़ित छात्र ने सीनियर छात्रों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने में आवेदन दिया है। नीतेश के लिखित बयान पर हिमांशु और मयंक श्रीवास्तव के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

You may have missed