66वां रेल सप्ताह : महाप्रबंधक ने किया अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत

हाजीपुर। मंगलवार को हाजीपुर मुख्यालय प्रागंण स्थित वैशाली प्रेक्षागृह में कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए 66वां रेल सप्ताह का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन महाप्रबंधक ललित चंद्र त्रिवेदी द्वारा द्वीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक अशोक कुमार, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी जेकेपी सिंह सहित मुख्यालय एवं सभी मंडलों के उच्चाधिकारी तथा रेलकर्मी उपस्थित थे। इस मौके पर महाप्रबंधक ने वर्ष 2020-21 में विशिष्ट एवं उत्कृष्ट सेवा के लिये मुख्यालय में कार्यरत विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को नगद राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन हेतु विभागों व मंडलों के मध्य दक्षता एवं सर्वांगीण दक्षता शील्ड भी प्रदान किया गया।
इस मौके पर महाप्रबंधक श्री त्रिवेदी ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि भारतीय रेल को देश की जीवन रेखा होने का गौरव प्राप्त है। 16 अप्रैल 1853 को यात्रा प्रारंभ कर अब तक भारतीय रेल 65 हजार किलोमीटर से भी अधिक रेलवे लाईनों के तंत्र ने, न केवल देश को एक सूत्र में पिरोया वरन आर्थिक और सामाजिक उन्नति में भी इसकी प्रमुख भूमिका रही है। भारतीय रेल के इस प्रगति में हमारे रेलकर्मियों का योगदान उल्लेखनीय रहा है। उनके इस योगदान के मद्देनजर उनके उत्साहवर्द्धन हेतु रेलकर्मियों को आज पुरस्कृत किया जा रहा है। महाप्रबंधक ने कहा कि पूर्व मध्य रेल अपनी स्थापना काल से अब तक के अविस्मरणीय सफर के दौरान कई उपलब्ध्यिां हासिल कर चुका है। महाप्रबंधक ने रेलवे की कार्य प्रणाली में रेलवे यूनियन और एसोसिएशन की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि हम सभी सकारात्मक दृष्टिकोण से कार्य करने की सोच को कायम रखते हुए तथा कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ें।
समग्र क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य दक्षता के लिए 2020-21 का महाप्रबंधक दक्षता शील्ड धनबाद, दानापुर एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया जबकि रनर्स अप कप सोनपुर एवं समस्तीपुर मंडल को संयुक्त रूप से मिला। पूर्व मध्य रेल में सफाई अभियान के लिए बड़े स्टेशनों की श्रेणी में पटना जं., मध्यम श्रेणी के स्टेशनों में पारसनाथ तथा छोटे स्टेशनों की श्रेणी में फेसर स्टेशन को स्वच्छता शील्ड प्रदान किया गया। जनशिकायत निवारण में श्रेष्ठ प्रदर्शन से संबंधित शील्ड सोनपुर मंडल को दिया गया। इसी क्रम में प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य निष्पादन हेतु पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल को जनसंपर्क शील्ड प्रदान किया गया।
इस अवसर पर दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार, समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अशोक माहेश्वरी, सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता, धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष बंसल एवं पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय सहित मुख्यालय एवं पांचों मंडलोें से आए उच्चाधिकारी उपस्थित थे।

About Post Author

You may have missed