शनिवार को सीएम नीतीश भागलपुर, खगड़िया, सहरसा और पटना में करेंगे चुनावी सभा
पटना। चुनावी कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल 6 जनसभाएं करेंगे, जिसमें पांच हेलिकॉप्टर तथा एक सड़क मार्ग से होगी। मुख्यमंत्री के निश्चय संवाद कार्यक्रम में उनके साथ ललन कुमार सर्राफ भी होंगे। मुख्यमंत्री भागलपुर, खगड़िया, सहरसा और पटना के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में निश्चय संवाद करेंगे। उपरोक्त जानकारी जदयू के राष्ट्रीय महासचिव आफाक अहमद खान ने प्रेस-विज्ञप्ति जारी कर दी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की कल पहली सभा नाथनगर के लोकनाथ उच्च विद्यालय का मैदान, जगदीशपुर तो दूसरी सभा गोपालपुर के साहू पर्वता उच्च विद्यालय का मैदान, खगड़ा, प्रखंड-नवगछिया में होगी। वहीं तीसरी बेलदौर के गांधी उच्च विद्यालय का मैदान, बेलदौर तथा चौथी सोनवर्षा के हरिवल्लभ उच्च विद्यालय का मैदान, सोनवर्षा में एवं पांचवी सभा सिमरी बख्तियारपुर में उच्च विद्यालय का मैदान, सिमरी बख्तियारपुर में संपन्न होगी। ज्ञातव्य हो कि सड़क मार्ग से होने वाली छठी सभा का आयोजन दानापुर पड़ाव मैदान, पटना में होना सुनिश्चित है।


