लापरवाही : नवादा के सदर अस्पताल में कैंसर पीड़ित बच्ची की मौत, पिता का आरोप-सीएस की सफाई

नवादा। नवादा के सदर अस्पताल की एक बड़ी लापरवाही सामने आयी है। गुरुवार रात कैंसर पीड़ित 13 साल की बच्ची की मौत हो गई है। बच्ची के पिता राजकुमार ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में बरती गई लापरवाही के चलते मेरी बेटी की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि आक्सीजन देने के लिए जो सिलेंडर लगाया गया था वह खाली था। आक्सीजन मास्क भी फटा हुआ था। उन्होंने डॉक्टर पर प्राइवेट प्रैक्टिस का भी आरोप लगाया। पीड़ित पिता राजकुमार नवादा के राजेंद्र नगर मोहल्ला के रहने वाले हैं। वह रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाते हैं। राजकुमार ने कहा कि मैं बेटी का इलाज मुंबई के एक कैंसर हॉस्पिटल में करा रहा था। मुंबई के डॉक्टर ने कहा था कि वह दो साल और जिंदा रह सकती है। बच्ची की तबियत खराब हो गई थी। गुड़िया को सांस लेने में परेशानी हो रही थी, जिसके चलते परिजन उसे अस्पताल लाए थे। लॉकडाउन के चलते उसे मुंबई नहीं ले जा सका। मजबूरी में सदर अस्पताल ले गया। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने काफी कोशिश की कि सिलेंडर लग जाए, लेकिन अस्पताल स्टाफ गायब हो गया और बच्ची की जान चली गई।
वहीं सिविल सर्जन डॉ. विमल कुमार ने सफाई देते हुए कहा कि लड़की कैंसर पीड़ित थी। उसकी हालत काफी नाजुक थी। अस्पताल प्रशासन ने उसे बचाने की हर संभव कोशिश की।
बता दें बच्ची की मौत के कुछ देर बाद का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में राजकुमार डॉक्टर और अस्पताल कर्मियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना था कि बच्ची को जो आॅक्सीजन मास्क लगाया गया वह ठीक नहीं था। सिलेंडर में आॅक्सीजन नहीं था, जिसके चलते बच्ची की मौत हो गई। बच्ची का मुंबई के जिस अस्पताल में इलाज चल रहा था, वहां के डॉक्टर ने कहा था कि बच्ची दो साल और जिएगी।

About Post Author

You may have missed