चुनाव परिणाम को भूल काम में लगें, सरकार पूरे पांच साल चलेगी : CM नीतीश

जदयू राज्य कार्यकारिणी एवं राज्य परिषद की बैठक का पहला दिन


पटना। शनिवार को बिहार प्रदेश जदयू मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह की उपस्थिति में पार्टी की राज्य कार्यकारिणी एवं राज्य परिषद की पहले दिन की बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय प्रभारी, प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, प्रदेश प्रवक्ता एवं चुनाव में पराजित उम्मीदवार शामिल हुए।
दबाव देने पर मुख्यमंत्री का पद स्वीकारा
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हमलोग समाजवादी सोच के लोग हैं। इस बार तो मैंने सबके कहने पर और दबाव देने पर मुख्यमंत्री का पद स्वीकार किया। जनता की सेवा ही हमारा एकमात्र लक्ष्य है। हमें जिन्होंने वोट दिया और जिन्होंने नहीं दिया, सबके लिए एक समान काम करना है। उन्होंने सभी पराजित उम्मीदवारों से कहा कि चुनाव परिणाम को भूलकर पूरी मजबूती के साथ काम में लग जाइए। अपने क्षेत्र की सेवा उसी तरह कीजिए, जैसे आप चुनाव जीतकर करते। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार पूरे पांच साल चलेगी। समाज के हर तबके के बीच जाइए और हर तबके के उत्थान के लिए काम करिए। आप देखिएगा कि आने वाले समय में हमलोग पहले से अधिक मजबूत होकर उभरेंगे।


लोग सोशल मीडिया का उपयोग दुष्प्रचार के लिए कर रहे
नीतीश कुमार ने बैठक में एक बार फिर दोहराया कि आजकल लोग सोशल मीडिया का उपयोग दुष्प्रचार के लिए करते हैं। तरह-तरह का भ्रम फैलाते हैं। आप उसका उपयोग लोगों के बीच अपनी पॉजिटिव बातों को रखने में करिए। लोगों को, खासकर नई पीढ़ी को सजग करके सही रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित करिए। उन्होंने कहा कि जो कुछ पाने की लालसा से इस पार्टी में हैं, ये पार्टी उनलोगों के लिए नहीं है। जो नि:स्वार्थ भाव से काम करते हैं।
ये रहे उपस्थित
बैठक का संचालन पूर्व विधानपार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी ने किया, जबकि लोकसभा में दल के नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, वरिष्ठ मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, विजय कुमार चौधरी, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव संजय झा, राष्ट्रीय सचिव विद्यासागर निषाद, पूर्व विधानपार्षद प्रो. रामवचन राय, पूर्व सांसद श्रीमती अश्वमेघ देवी, पूर्व मंत्री डॉ. रंजू गीता, लक्ष्मेश्वर राय, शैलेश कुमार, संतोष निराला, जयकुमार सिंह, कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा, ललन कुमार सर्राफ, महासचिव डॉ. नवीन कुमार आर्य, अनिल कुमार, परमहंस कुमार, चंदन कुमार सिंह, कामाख्या नारायण सिंह, डॉ. अमरदीप, सुनील कुमार, डॉ. विपिन कुमार यादव, अरुण कुशवाहा, अशोक कुमार बादल, पंचम श्रीवास्तव, आसिफ कमाल एवं रामगुलाम राम आदि उपस्थित रहे।

About Post Author

You may have missed