फतुहा : आठ किसानों के धान के पूंज में लगी आग, लाखों का नुकसान

फतुहा। गुरुवार दोपहर फतुहा प्रखंड के बरुणा गांव में स्कूल के पास स्थित खलिहान में रखे आठ किसानों के धान के पूंज में अचानक आग लग गयी। देखते ही देखते यह आग पूरे खलिहान में फैल गई। यह देख ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी मच गई। गांव की महिलाएं, बच्चे व पुरुष आग बुझाने की भरसक प्रयास किए लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद सूचना पर फायर ब्रिगेड की दो-दो गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची, तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना में कई किसानों के धान की पूंज बच गई।
बताया जाता है कि सरकारी स्कूल के समीप एक बड़े खलिहान में कई किसानों के धान के पूंज रखे हुए थे। कुछ किसानों के धान पिटा गया था लेकिन कुछ किसानों के धान अभी नहीं पीटे जाने के कारण खलिहान में रखा हुआ था। धान के पूंजों में आग कैसे लगी, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इस अगलगी में विजय सिंह, लालबाबू पासवान, रणविजय सिंह, धर्मवीर सिंह, रामप्रवेश सिंह, बिरजे सिंह समेत आठ किसानों के धान के पूंज जलकर राख हो गये हैं। पीड़ित किसानों की माने तो इस घटना से कितने की क्षति हुई है, अनुमान लगाना मुश्किल है, लेकिन उनके अनुसार लाखों रुपये की क्षति हुई है।

About Post Author

You may have missed