August 13, 2026

PATNA : रक्षाबंधन पर महिलाएं सिटी सर्विस की बसों में करेंगी नि:शुल्क यात्रा

पटना। परिवहन विभाग रक्षाबंधन के दिन (22 अगस्त) महिलाओं को एक सौगात देने जा रही है। इस दिन महिलाएं बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की सिटी सर्विस की बसों में नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी। उस दिन बस में सफर करने के लिए उन्हें किसी तरह का कोई शुल्क नहीं देना होगा।
कई संगठनों ने अनुरोध किया
परिवहन विभाग मंत्री शीला कुमारी ने बताया कि सिटी सर्विस की बसों में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने एवं सुरक्षित सफर के लिए रक्षाबंधन पर विशेष सुविधा प्रदान की जाएगी। रक्षाबंधन के अवसर पर नि:शुल्क यात्रा के लिए कई संगठनों द्वारा अनुरोध किया गया है।
22 को महिलाओं के लिए बस सेवा पूरी तरह फ्री
परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि निगम द्वारा राजधानी में कुल 125 सिटी सर्विस की बसों का परिचालन किया जा रहा है। इसमें 70 बसें सीएनजी और 14 इलेक्ट्रिक बसें हैं। इन सभी बसों में रक्षाबंधन के दिन महिलाओं एवं युवतियों के लिए बस सेवा पूरी तरह फ्री रहेगी।
पूर्व से ही 65 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक श्याम किशोर के अनुसार सिटी बसों में सफर के लिए महिलाओं को मंथली पास में पूर्व से ही विशेष छूट दी जा रही है। इसके साथ ही सभी बसों में 65 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित किये गए हैं। बसों में सफर के दौरान महिलाएं सुरक्षित महसूस कर सकें, इसके लिए बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं एवं अन्य सुविधाएं प्रदान किये गए हैं।

You may have missed