PATNA : दीघा में महिला के साथ बीच सड़क पर छेड़खानी, पति को भी पीटा, डॉक्टर बाप-बेटे पर लगा आरोप

पटना। राजधानी पटना से सटे दीघा इलाके में बुधवार की देर रात एक महिला ने जब छेड़खानी किए जाने का विरोध किया तो महिला और उसके पति की जमकर पिटाई की गई। पत्थर से महिला और उसके पति पर हमला किया। इसमें महिला की नाक और चेहरे पर आंख के ऊपर गंभीर चोट आई है। जबकि पत्थर के वार से उसके पति का भी सिर फट गया। यहीं नहीं, इलाके में दहशत फैलाने के लिए 4 राउंड फायरिंग भी की गई। छेड़खानी, मारपीट और फिर गोलीबारी का आरोप एक डॉक्टर बाप-बेटे पर लगा है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, दीघा के बांस कोठी इलाके में गेट नंबर-95 के पास निरंजन कुमार का घर है। निरंजन खुद गांधी मैदान स्थित बांकीपुर बस स्टैंड के डिपो में बेल्डर का काम करते हैं। जबकि घर के बाहर ही एक दुकान है, जिसे इनकी पत्नी कंचन देवी चलाती हैं। घर और दुकान में कम जगह होने की वजह से पास में ही निरंजन ने किराए का भी घर ले रखा है। वहीं वे अपने परिवार के साथ रहते हैं।
निरंजन के अनुसार, बुधवार की रात वो ड्यूटी कर लौटे थे। रात 10:30 बजे के बाद वे दुकान बंद कर बेटे को बाइक पर बैठाकर घर के लिए जा रहे थे। जबकि पत्नी पैदल ही साथ में चल रही थी। उसी दौरान इलाके में ही रहने वाले डॉ. नरेश का बेटा डॉ. निशांत उर्फ सोनू ने पैदल चल रही पत्नी को जोरदार टक्कर मार दी। फिर उसके साथ छेड़खानी करने लगा। जब विरोध किया तो गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। शोर सुनकर उसके घर के अंदर से उसके डॉक्टर पिता समेत कई लोग आ गए। इसके बाद उन लोगों ने भी मारपीट शुरू कर दी। हम दोनों को बहुत मारा। उसके बाद घर के अंदर से हथियार निकालकर ले आए और हथियार दिखाकर डराने धमकाने लगे। बाप-बेटे ने मिलकर 4 राउंड फायरिंग भी की। इसी बीच दीघा थाना को फोन किया। पुलिस मौके पर पहुंच मामले की छानबीन करते हुए घायल पति-पत्नी का इलाज दानापुर हॉस्पिटल में कराया।
निरंजन का आरोप है कि निशांत पिछले 3-4 दिनों से उसकी पत्नी के ऊपर कमेंटबाजी कर रहा था। आते-जाते फब्तियां कसता था। डर के कारण पत्नी ने इस बात को छिपाए रखा था। दूसरी तरफ दीघा थाना की पुलिस का कहना है कि दोनों पक्ष रिश्तेदार हैं। घटना आपसी विवाद के कारण हुई है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।

About Post Author

You may have missed