August 18, 2026

फतुहा : वार्ड पार्षद से दिनदहाड़े पिस्तौल सटाकर 5.19 लाख की लूट, दो बाइक पर सवार थे 4 अपराधी

फतुहा। रविवार को पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के फोरलेन स्थित आरओबी पर दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने वार्ड पार्षद से दिनदहाड़े करीब 12 बजे दिन में पिस्तौल सटाकर 5 लाख 19 हजार रुपए लूट लिए। लूट की घटना को अंजाम अपराधियों ने आरओबी पर पटना जाने वाली लेन में दिया है। घटना को अंजाम देने के बाद सभी चारों लुटेरे बाइक से डिवाइडर पार कर खुसरुपुर की ओर भाग निकले। लुटेरों ने उनके जैकेट के अंदर से हाथ डालकर पैसे निकाले हैं तथा उनके हाथों से एक सोने की अंगूठी भी उतार लिया है। पीड़ित वार्ड पार्षद घटनास्थल से ही थानाध्यक्ष को फोन पर सूचित किया। लूट की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गई। तत्काल डीएसपी राजेश कुमार मांझी, थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, एसआई ललित विजय व मिथिलेश कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी अपराधी भागने में सफल हो चुके थे। वहीं पुलिस फोरलेन पर स्थित कई रेस्टोरेंट व पेट्रोल पंप में लगे cctv फुटेज को खंगाला लेकिन पुलिस को अपराधियों का कोई सुराग नही मिला। घटनास्थल के आसपास जगहों का भी पुलिस ने मुआयना किया लेकिन कुछ पता नही चला। पीड़ित फतुहा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 12 का पार्षद दीपक कुमार हैं, जो थाना के सामने बांकीपुर गोरख मुहल्ले के निवासी हैं।

पीड़ित पार्षद की माने तो लूटी गई रकम उन्हें एक अपने निजी रिश्तेदार को देने के लिए जैकेट के भीतर स्थित पॉकेट मेें रखा था। रिश्तेदार फोरलेन पर कार से आने वाले थे। रिश्तेदार से मिलने वह अपने बाइक से फोरलेन पहुंचे थे। रिश्तेदार को पहुंचने में देर थी। इसी दरम्यान वह अपने बाइक में तेल लेने के लिए फोरलेन से पूर्व स्थित पेट्रोल पंप पर चले गये। तेल लेकर बाइक से जैसे ही वह आरओबी पर पहुंचे वैसे ही पीछे से दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक रोक दी। एक लुटेरा उनके पेट पर पिस्तौल सटा दिया तथा बाइक की चाबी निकाल पुल के नीचे खेत में फेंक दिया। जबकि दूसरा लुटेरा हाथ बढाकर उनकी तलाशी लेते हुए जैकेट का चेन खोल दिया तथा जैकेट के अंदर स्थित पॉकेट से सभी पैसे निकाल लिए। इसके बाद लुटेरों ने अपनी अपनी बाइक को डिवाइडर फंदा कर खुसरुपुर की ओर भाग निकले।
उनकी माने तो एक बाइक पर प्लेट लगी हुई थी लेकिन उस पर नम्बर अंकित नही था। दूसरी बाइक तो बिना नम्बर प्लेट का ही था। अब पुलिस बिना नम्बर वाली दोनों बाइक का पता लगाने में जुटी है। घटनास्थल पर पहुंचे डीएसपी राजेश कुमार मांझी ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है।
देखा जाए तो फोरलेन पर अक्सर दिन-रात लुटेरे सक्रिय रहते हैं और कभी बाइक तथा कभी मोबाइल लुटते रहते हैं। लेकिन बड़ी घटना को देखे तो फतुहा थाना क्षेत्र के नयका रोड में भी जून के अंतिम सप्ताह में लुटेरों ने पटना सिटी के एक प्लंबर मिस्त्री से बाइक सवार लुटेरों ने पांच लाख रुपए लूट लिए थे। नदी थाना क्षेत्र के सबलपुर स्थित एसबीआई शाखा में तीन महीने पहले जमा करने जा रहे पेट्रोल पंप के मुंशी से करीब पौने पांच लाख रुपए बदमाशों ने लूट लिए थे, जिसका आज तक खुलासा नही हो पाया है।

You may have missed