पटना में गोलीकांड के पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे विजय सिन्हा, बोले- राजधानी में अपराधियों बोलबाला, सदन में करेंगे विरोध

पटना। राजधानी पटना में जमीन और पार्किंग में विवाद में फतुहा के नदी थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित जेठुली गांव में हुई गोलीबारी और दो दिनों तक आगजनी के बाद चौथे दिन सन्नाटा पसरा हुआ था। गांव में हिंसा के बाद भारी संख्या में तैनात पुलिस बल से गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। बुधवार को गांव में लोगों का आना-जाना तो था, लेकिन बिना वजह कोई घर से नहीं निकल रहा था। घर और वाहनों की आग अब बुझ चुकी है, लेकिन उसके निशान हिंसा की तस्वीर बयान कर रहे थे। आरोपितों और उनके समर्थकों के घर के आसपास पुलिस पहरा दे रही थी। फिलहाल तीन दर्जन से अधिक उपद्रवियों और हत्यारोपितों की तलाश में एसआइटी लगातार छापेमारी कर रही है। इसके अतिरिक्त टीम पांच अन्य से भी मामले में पूछताछ कर रही है। स्थिति धीरे-धीरे सामान्य तो हो रही है, लेकिन इस मामले ने अब एक राजनीतिक रूप ले लिया है। चौथे दिन प्रतिपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा स्वजनों से मिले। विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह दुखद घटना है। राज्य में हत्या, लूट, दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ गई हैं। भूमाफिया, शराब माफिया और बालू माफिया का बोलबाला है, जिसके कारण आपराधिक घटनाएं बढ़ गई है। जेठुली गोलीबारी इसी का नतीजा है। इस बात को वे सदन में उठायेंगे। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से कहा कि आप लोग एकजुट होकर अपराधियों का विरोध करें। अगर आपको अधिवक्ता की जरूरत हो तो मैं निशुल्क सेवा दूंगा।
घटना के बाद से आरोपित घर छोड़कर फरार
बुधवार को भी छह पुलिस पदाधिकारी और 60 से अधिक जवान गांव में मौजूद थे। सुबह होते ही पुलिस गांव की गलियों में फ्लैग मार्च करती दिखी। फिलहाल दिनभर गांव में शांति रही। आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, घटना के बाद से ही आरोपित और उनके समर्थक घर छोड़कर फरार है। उधर मृतक के स्वजन बार-बार पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि पहले दिन पुलिस के सामने ही गोलीबारी हुई, लेकिन पुलिस देखती रही। अब तक आरोपित फरार हैं। बता दे की रविवार को जेठुली गांव में पार्किंग के विवाद में दो पक्षों में गोलीबारी हो गई थी। इसमें एक पक्ष के पांच लोगों को गोली लगी थी, जिसमें तीन की मौत हो गई थी। घटना के बाद उग्र लोगों ने आरोपित के घर और विवाह घर में आग लगा दी थी और आधा दर्जन से अधिक वाहनों को फूंक दिया था। दूसरे दिन सोमवार की सुबह फिर आरोपित के विवाह घर में आग लगा दी गई और उसके दो समर्थकों का घर जला दिया गया।

About Post Author

You may have missed