गया के डोभी में दो लाशें मिलने से फैली सनसनी, एक युवक का तो दूसरा अधेड़ का शव, एक की नहीं हो पाई पहचान

गया। जिले के डोभी थाना क्षेत्र में दो शव मिलने से सनसनी फैल गई है। दोनों शव अलग-अलग स्थानों से बरामद हुए हैं। एक शव युवक का है, जिसकी गला रेतकर हत्या की गई है। वहीं दूसरा शव एक वृद्ध का है। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया है।
युवक की पहचान हो गई है जो कोसमा गांव का रहने वाला था। हत्या का कारण फिलहाल नहीं पता चल सका है।

गांव में कुछ लोग हत्या को प्रेम प्रसंग से जोड़ कर देख रहे हैं तो वहीं कुछ लोगों का कहना है कि गांव में कुछ दिन पहले लड़ाई हुई थी। गांव वालों का कहना है कि मारा गया अनिल यादव उर्फ प्रिंस गांव में ट्यूशन पढ़ाता था। शनिवार शाम तक वह अपने गांव व घर में ही था। रविवार सुबह 10 बजे के आसपास जब कोसमा खरियात मोड़ की झाड़ी के बीच कुछ लोगों की नजर पड़ी तो उस युवक का शव वहां पड़ा मिला।

खरियात के लोगों ने शव की पहचान कर युवक के पिता मुनारिक यादव व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गांव के लोगों के बीच हड़कंप मच गया। शव का गला बुरी तरह से रेता गया था। यही नहीं, उसके चेहरे पर तेजाब भी डाला गया है। मृतक का चेहरा जला हुआ था। संबंधित मामले में मृतक के पिता या अन्य परिजन कुछ बोलने की स्थिति में नहीं हैं। फिलहाल परिवार के सभी लोग शेरघाटी थाने पहुंचे हैं।

वहीं दूसरी ओर डोभी धीरजा पुल के निकट एक अधेड़ का शव पुलिस ने बरामद किया है। शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस शव की पहचान कराने में जुटी है। डोभी थानाध्यक्ष ने आशंका जतायी है कि अधेड़ की मौत किसी वाहन से गिरने से हुई होगी, क्योंकि उसके शरीर पर कोई जख्म के निशान नहीं हैं।

 

About Post Author