पूर्व सांसद विजय सिंह यादव की कोरोना से मौत, पिछले कई दिनों से चल रहे थे बीमार

पटना। कोरोना से भाजपा के एक और नेता की मौत हो गई। पूर्व सांसद और दानापुर के नेता विजय सिंह यादव (68 वर्ष) ने रविवार की सुबह अंतिम सांस ली। वे पिछले कई दिनों से बीमार थे। दानापुर के ही एक नर्सिंग होम में उन्हें भर्ती कराया गया था। रविवार सुबह कोरोना से जंग हार गए। पिछले साल उनके छोटे भाई राजकिशोर यादव की भी कोरोना से मौत हो गई थी। भाजपा नेता विजय सिंह यादव के निधन के बाद दानापुर में कार्यकर्ताओं के बीच शोक की लहर है।

विजय सिंह यादव साल 1996 में पहली बार भाजपा से दानापुर के विधायक चुने गए। इसके बाद विजय सिंह यादव 2000 में राज्यसभा के लिए बतौर सांसद चुने गए। तब से लगातार राजनीतिक में यह सक्रिय रहे हैं। वे भाजपा के अलावा राजद और कांग्रेस में भी रह चुके थे। पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के भी कभी करीबी माने जाते थे। लालू प्रसाद ने एक बार उन्हें बिहार का वीरप्पन भी कह दिया था। वहीं, पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी ने भाजपा में हनुमान की संज्ञा दी थी ।

छोटे भाई राजकिशोर यादव को सक्रिय राजनीतिक में लाने के लिए विजय सिंह यादव ने पूरा प्रयास किया था। उन्होंने छोटे भाई को दानापुर नगर परिषद का चेयरमैन भी बनवाया था। विपक्षी राजकिशोर यादव को चेयरमैन पद पर नहीं देखना चाहते थे और इसके लिए वार्ड पार्षदों को जोड़-तोड़ में लगे थे। इसके बाद विजय सिंह यादव ने अपनी राजनीति का लोहा मनवाते हुए अपने छोटे भाई राजकिशोर यादव को नगर परिषद का चेयरमैन बनाया था।

About Post Author