October 26, 2026

बिहार में कोरोना वैक्सीन की किल्लत पर तेजस्वी यादव ने की सरकार की आलोचना

पटना । बिहार में कोरोना वैक्सीन की किल्लत के बीच राजद विधायक व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर हमला किया है। उन्होंने गोपालगंज के एक टीकाकरण केंद्र पर उमड़े लोगों के बीच धक्का-मुक्की का वीडियो शेयर करते हुए सरकार की आलोचना की।

इस बीच प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग ने दावा किया है कि राज्य में मंगलवार को 1.11 लाख लोगों को वैक्सीन लगी है। पटना में मंगलवार को 8483 लोगों का टीकाकरण किया गया। मंगलवार को टीकाकरण के लिए सूबे में 1062 केंद्रों को सक्रिय किया गया था। जिनमें सात निजी क्षेत्र के अस्पतालों में थे।

बिहार में दूसरी डोज लगवाने के लिए लोगों के आने के बाद वैक्सीन की किल्लत होने लगी है। खासकर कोवैक्सीन की आपूर्ति कम होने से समय पूरा होने के बाद भी लोगों को टीके का दूसरा डोज नहीं मिल पा रहा है।

करीब एक हफ्ते के बाद प्रदेश को मंगलवार को कोवैक्सीन की खेप मिली है। कई जिलों में कोवैक्सीन केवल उन्हीं लोगों को देने की घोषणा की है जिन्होंने इसकी पहली डोज ले ली है और 28 दिन पूरे हो चुके हैं।

 

You may have missed