राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलटी, 10 की दर्दनाक मौत, अधिकांश बच्चे, सीएम में जताया दुख
वैशाली। बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी में मंगलवार रात नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 15 लोगों की मौत होने की खबर है। मृतकों में बड़ी संख्या में बच्चे और किशोर शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में लापता लोगों की तलाश शुरू की। हादसे को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख जताया है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, राघोपुर की रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के पास सिंघेश्वर राय के यहां दावत का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए छोटी नाव पर सवार होकर करीब 20 लोग गंगा नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान नाव नदी में पलट गई और उस पर सवार लोग पानी में डूबने लगे। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव की कोशिश शुरू की और प्रशासन को इसकी सूचना दी। हादसे में जान गंवाने वालों में महिलाओं और बच्चियों की संख्या अधिक बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतकों में पिंकी कुमारी (13), अंकिता कुमारी (6), सुनीता कुमारी, आर्यन कुमार, अलीशा कुमारी (18), सिकी कुमारी, भोनू कुमारी और मीरा कुमारी के नाम सामने आए हैं। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। घटना में मृतकों की उम्र को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई है। ऐसे में सभी मृतकों की उम्र और पहचान की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। नाव दुर्घटना की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गंगा नदी में अचानक नाव पलटने से एक साथ कई लोगों की जान जाने की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान और हादसे से संबंधित अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं। इस घटना पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताते हुए कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और पीड़ित परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तेजी से पूरा करने और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से चार-चार लाख रुपये की मुआवजा राशि देने की घोषणा की है। इस सहायता से हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों को आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, राघोपुर क्षेत्र के विधायक और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर घटना पर शोक व्यक्त किया। गंगा नदी में हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग नाव पर क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने और नदी पार करने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।


