October 30, 2025

एयर इंडिया की फ्लाइट में महिला पर पेशाब करने वाला शंकर मिश्रा बेंगलुरु से गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने दी जानकारी

नई दिल्ली। एयर इंडिया की फ्लाइट में महिला सहयात्री पर पेशाब करने वाले शंकर मिश्रा गिरफ्तार कर लिया गया है। दिल्ली पुलिस के हवाले से उसे बंगलुरु से गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी है। एयर इंडिया की अमेरिका से दिल्ली आ रही उड़ान में 26 नवंबर 2022 को यह घटना हुई थी। दिल्ली पुलिस ने बताया है कि उसे शुक्रवार की रात गिरफ्तार किया गया। उसे आज कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा। यह मामला सार्वजनिक होने के बाद से मिश्रा फरार था। अपने वकीलों के जरिए बयान जारी कर उसने मुआवजा देकर मामला सुलझाने का दावा किया था। वहीं उसके पिता श्याम मिश्रा ने अपने बेटे को ब्लैकमेल किए जाने का दावा किया है। उन्होंने कहा है कि पीड़ित महिला ने भुगतान की डिमांड की थी, जो पूरी कर दी गई थी। उसके बाद अचानक से उसने शिकायत की है। ऐसा लगता है कि कुछ और माँग भी रही होगी जो पूरी नहीं हुई और वह ब्लैकमेलिंग पर उतर गई होगी। इस घटना की वजह से 34 वर्षीय मिश्रा को वेल्स फार्गो ने नौकरी से भी निकाल दिया है। अमेरिका की इस बहुराष्ट्रीय कंपनी में वह भारत का उपाध्यक्ष था। कंपनी ने कहा है की वेल्स फार्गो कर्मचारियों को पेशेवर और व्यक्तिगत व्यवहार के उच्चतम मानकों के अनुरूप रखता है। ये आरोप बेहद परेशान करने वाला हैं। इस व्यक्ति को वेल्स फार्गो से निकाल दिया गया है। हम कानून प्रवर्तन के साथ सहयोग कर रहे हैं।

दिल्ली पुलिस ने मिश्रा के खिलाफ IPC की धारा 294 (सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत), 354 (महिला का शील भंग करने के इरादे से हमला या आपराधिक इरादा), 509 (शब्द, हावभाव या कृत्य से महिला के अपमान का इरादा), 510 (शराबी व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक तौर पर दुराचार) के साथ-साथ विमानन नियमों के तहत मुकदमा दर्ज कर रखा है। शंकर मिश्रा पर न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही फ्लाइट में शराब के नशे में धुत होकर बुजुर्ग महिला सहयात्री के सामने जिप खोलने और उनके ऊपर पेशाब करने का आरोप है। महिला ने बताया था कि भोजन परोसे जाने और फ्लाइट के अंदर की रोशनी कम किए जाने के बाद यह घटना हुई। इस मामले में एयर इंडिया पर भी सवाल उठ रहे हैं।

You may have missed