तीन दिन में खुला मर्डर मिस्ट्री का राज : पड़ोसन से प्रेम करने के कारण की गई मोनू की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

बाढ़। पटना के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मोकामा के मरांची थाना क्षेत्र में बीते 18 जून को मोनू नाम के युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने तीन दिनों के अंदर पूरे मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक मोनू की हत्या प्रेम प्रसंग को लेकर की गई थी। मोनू का अपने पड़ोस की लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसकी भनक लड़की के घर वालों को लग गई थी। जिसके बाद लड़की के स्वजनों में शामिल लोगों ने मोनू की हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए एएसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि बदमाशों के घर की एक लड़की के साथ मृतक का प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसको लेकर ही विगत 18 जून को मरांची के मोनू की हत्या चाकू से गोदकर कर दी गई थी। हत्या की प्राथमिकी मरांची थाना में दर्ज कराई गई थी। नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा घटना का उद्भेदन के लिए मरांची थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया था। एएसपी ने बताया कि घटना में शामिल बादल कुमार, अंकित कुमार और भाजो सिंह की गिरफ्तारी की गई है। इन पर पूर्व से विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक मोनू हत्या मामले में पकड़े गए बादल कुमार ने अपने सहयोगी भाजो सिंह, अंकित और सौरभ के साथ मिलकर चाकू से गोद गोद कर मोनू की हत्या करने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार बदमाशों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चाकू को बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

About Post Author

You may have missed