भोजपुर में जमीनी विवाद में रिटायर्ड शिक्षक की हत्या, चार पर FIR दर्ज

आरा। बिहार के भोजपुर जिले गड़हनी थाना क्षेत्र अंतर्गत नहसी गांव के समीप एक सेवानिवृत्त शिक्षक की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। भूमि विवाद को लेकर नहसी के वार्ड संख्या दो निवासी 75 वर्षीय राजरूप सिंह की हत्या की बात सामने आई है। मृतक बिक्रमगंज के बड़गईया मध्य विद्यालय से करीब 20 साल पहले सेवानिवृत्त हुए थे। मृतक के पुत्र आशुतोष कुमार ने चार लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी की है। सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है। मामले की छानबीन कर रही है। शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल आरा में कराया गया। घटना का मूल कारण भूमि विवाद बताया जा रहा है। इधर, गड़हनी थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि मामला संदेहास्पद है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मूर्ति विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट में 10 घायल
वहीं, भोजपुर के गजराजगंज ओपी अंतर्गत छोटकी सासाराम गांव में रविवार की शाम मूर्ति विसर्जन के दौरान रास्ते से जाने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। जिसमें दोनों पक्षों से 10 लोग गंभीर रुप से जख्मी हो गए। एक पक्ष के पांच लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल आरा लाया गया। झड़प में एक पक्ष से उदवंतनगर थाना क्षेत्र के गजराजगंज ओपी अंतर्गत छुटकी सासाराम गांव निवासी प्रमिला कुंवर, उनके पुत्र नीरज सिंह,बबलू सिंह, शुभम सिंह, सोनू कुमार सिंह, राजू सिंह, राजेंद्र सिंह एवं दूसरे पक्ष के तीन अन्य युवकों को चोटें आई है।

About Post Author

You may have missed