August 23, 2026

पटना के खगौल ओवर ब्रिज में गुजरात के कारोबारी के 25 करोड़ के सोना की लूट, कस्टम अधिकारी बनकर शातिर अपराधियों ने दिया अंजाम

पटना। राजधानी पटना में अपराधियों ने फुल प्लानिंग के साथ गुजरात से आए एक कारोबारी के स्टाफ से 25 करोड रुपए के सोना लूट लिया। बताया जा रहा है या पटना में अब तक की सबसे बड़ी लूट में से एक है। कस्टम अधिकारी बनकर आए अपराधियों ने पूरी प्लानिंग के साथ इस वारदात को अंजाम दिया। घटना दानापुर के खगौल थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गुजरात के राजकोट निवासी महेश मामतोरा और प्रिंस रामपरिया अहमदाबाद से सहरसा एक्सप्रेस के जरिए दानापुर पहुंचे थे। वे केबीएस एंड संस के मालिक सुनील भाई का करीब 17 किलो सोने का आभूषण लेकर पटना के बाकरगंज जा रहे थे। दानापुर रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद दोनों ने बाकरगंज के लिए एक ऑटो बुक किया था।

ओवरब्रिज पर कस्टम अधिकारी बनकर रोका गया

जैसे ही उनका ऑटो खगौल ओवरब्रिज पर पहुंचा, पुलिस स्टीकर लगी एक कार और दो बाइक पर सवार 5 से 7 बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। सभी आरोपी सफेद शर्ट और खाकी पैंट में थे, जिससे वे असली अधिकारी जैसे प्रतीत हो रहे थे। बदमाशों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताते हुए जांच के नाम पर तीनों बैग अपने कब्जे में ले लिए और मौके से फरार हो गए।पीड़ित ने सुनाई पूरी घटना

स्टाफ प्रिंस रामपरिया ने बताया कि बदमाशों ने बेहद प्रोफेशनल तरीके से खुद को अधिकारी बताया, जिससे वे शुरू में धोखे में आ गए। उन्होंने कहा, “हमसे कहा गया कि हम कस्टम अधिकारी हैं, बैग जांच के लिए दें। उनकी बात और व्यवहार बिल्कुल असली अधिकारियों जैसा लग रहा था।- पीड़ित

बंधक बनाकर सुनसान जगह छोड़ा

दूसरे स्टाफ महेश मामतोरा ने बताया कि उन्हें बंधक बना लिया गया था। उन्होंने कहा कि कार में बैठे लोग भी पूरी तरह योजना के तहत काम कर रहे थे।कुछ देर बाद उन्हें सुनसान जगह पर छोड़ दिया गया, जहां उन्हें समझ आया कि उनके साथ बड़ी लूट हो चुकी है।

पुलिस ने शुरू की जांच, कार बरामद

घटना की सूचना मिलते ही खगौल थाना पुलिस सक्रिय हो गई और नौबतपुर रोड से संदिग्ध कार को बरामद कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईयू और एसटीएफ को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। खगौल थाना प्रभारी रंजन कुमार के अनुसार, बरामद सोने की सही मात्रा और पूरी साजिश की जांच गुजरात के व्यापारियों के पहुंचने के बाद स्पष्ट हो पाएगी।

वहीं एएसपी दानापुर शिवम धाकड़ ने बताया कि घटना में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया गया है। साथ ही गुजरात स्थित व्यापारी के मालिक सुनील भाई को सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद ही लूटे गए सोने की सही मात्रा का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

You may have missed