खबरें फतुहा की : ट्रॉली बैग आटो से गायब, आरोपी और पत्नी गिरफ्तार, 6 ससुरालियों पर FIR, विद्युत चोरी का आरोप

शादी में जा रही महिला का ट्रॉली बैग आटो से गायब, रोते बिलखते थाने पहुंची
फतुहा। बुधवार की शाम पटना के फतुहा चौराहा पर शादी में जा रही महिला का ट्रॉली बैग आटो से गायब हो गया। महिला अपनी बैग न देखकर आटो रुकवा दी तथा आटो वाले को बैग खोजने के लिए बोली। लेकिन टो चालक ने उसे जबरन आटो से उतार दिया तथा आटो लेकर फरार हो गया। इसके बाद महिला रोते बिलखते थाने पहुंची तथा अपनी शिकायत दर्ज करायी।
दियारा क्षेत्र के वीरपुर निवासी संगीता देवी के मुताबिक वह अपने बच्चों के साथ बख्तियारपुर के ग्यासपुर से आटो पकड़कर फतुहा पहुंची। आटो वाले ने फतुहा से कच्ची दरगाह जाने वाली आटो पर उसे बैठा दिया। महिला अपनी ट्रॉली बैग आटो में अपने सामने रखी। लेकिन आॅटो चालक ने उसका बैग पीछे रख दिया। जैसे ही चौराहा से आटो आगे बढ़ी तो उसका बैग आटो से गायब हो गया। महिला के मुताबिक उसके बैग में जेवरात, कपड़े समेत चालीस हजार रुपए का सामान पैक था। महिला शादी समारोह में शामिल होने के लिए अपने एक रिश्तेदार के घर कच्ची दरगाह जा रही थी। महिला के शिकायत पर पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

राइफल लेकर दहशत फैलाने वाला आरोपी और पुलिस से उलझने के आरोप में पत्नी भी गिरफ्तार


फतुहा। बीते मंगलवार की रात फतुहा थाना क्षेत्र के खोखना गांव में पड़ोसी से मारपीट के घटना के बाद गांव में देशी राइफल लेकर दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से तीन जिंदा गोली भी बरामद कर ली। यह देख जब आरोपी की पत्नी अपने पति को पुलिस के गिरफ्त से छुड़ाने के लिए पुलिस से खींचतान शुरू किया तो पुलिस ने महिला कांस्टेबल के बल पर उसे भी नियंत्रित करते हुए गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी खोखना गांव के ही संत कुमार उर्फ अरविंद शर्मा व उसकी पत्नी बेबी देवी है।
प्रेस वार्ता में डीएसपी राजेश कुमार मांझी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पड़ोसी के साथ हुए झगड़े के बाद राइफल व गोली लेकर गांव में दहशत फैला रहा था। सूचना पर पुलिस जब पहुंची तो वह भागने लगा, जिसे पुलिस ने खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसकी पत्नी पति को छुड़ाने के लिए पुलिस से उलझ गयी। स्थिति अनियंत्रित होते देख थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मुकेश, एसआई ललित विजय व शिवपूजन सिंह को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया तथा स्थिति को नियंत्रित करते हुए उसकी पत्नी बेबी देवी को भी सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।

विवाहिता की हत्या मामले में पति, सास-ससुर समेत 6 पर एफआईआर


फतुहा। पटना के नदी थाना क्षेत्र के जेठुली में गला दबाकर विवाहिता की हत्या मामले में पुलिस ने विवाहिता के पति समेत छह ससुराली परिजनों के विरुद्ध दहेज प्रताड़ना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर लिया है। पुलिस ने यह प्राथमिकी विवाहिता के पिता दीदारगंज के जीवनचक निवासी सुरेन्द्र प्रसाद के बयान पर दर्ज किया है। विवाहिता के पिता ने उसके पति, सास, ससुर, देवर, जेठ व एक ननद को आरोपित किया है।
गौरतलब है कि एक कट्टा जमीन के लिए विवाहिता प्रियंका को उसके ससुराल में पिछले कई महीने से प्रताड़ित किया जा रहा था। बीते मंगलवार को दोपहर भी उसे जेठुली स्थित ससुराल में प्रताड़ित किया गया था। विवाहिता ने इसकी सूचना मायके वालों को भी दिया था। सूचना पाकर जब उसके परिजन जेठुली स्थित उसके ससुराल पहुंचे तो विवाहिता का शव चादर में लपेट कर घर के आंगन में रखा था तथा घर के सभी लोग फरार थे। महिला का नौ महीना पहले ही शादी हुई थी। नदी थाना एसएचओ धर्मेंद्र प्रसाद ने बताया कि घटना की जांच करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

दो लोगों पर विद्युत चोरी के आरोप में मामला दर्ज
फतुहा। थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में दनियावां विद्युत प्रशाखा के द्वारा छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान दो लोगों के विरुद्ध विद्युत चोरी के आरोप में थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी है। यह शिकायत दनियावां प्रशाखा के कनीय अभियंता ब्रजभूषण कुमार ने करायी है। सिकंदरपुर गांव निवासी राजीव रंजन के खिलाफ 19,636 तथा फुदन सिंह के खिलाफ 1,07,172 रुपये की राजस्व क्षति बताते हुए जुर्माना लगाया गया है।

About Post Author

You may have missed