दरभंगा में सनसनीखेज हत्याकांड, पत्नी और तीन मासूम बच्चों की हत्या से दहला इलाका

  • पारिवारिक विवाद में पति पर पत्नी और बच्चों की पीट-पीटकर हत्या का आरोप, खुद को भी किया घायल
  • मुर्गा फार्म में मजदूरी करने वाला परिवार किराये के मकान में रहता था, पुलिस और वैज्ञानिक जांच दल जांच में जुटा

दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले में मंगलवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। पतौर थाना क्षेत्र के चंदनपट्टी गांव में एक युवक पर अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों की निर्मम हत्या करने का आरोप लगा है। इस जघन्य हत्याकांड के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद गुस्से में आकर युवक ने लोहे की रॉड और डंडे से हमला कर पत्नी और बच्चों की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने खुद को भी घायल कर लिया। फिलहाल उसका इलाज दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के दालकोला जिले के कुंडी थाना क्षेत्र निवासी फूल कुमारी दास (30 वर्ष), उनके पुत्र ह्रदय दास (7 वर्ष), पुत्री संध्या दास (6 वर्ष) और पांच वर्षीय सोन दास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार कुछ समय पहले ही बंगाल से दरभंगा आया था और चंदनपट्टी स्थित एक मुर्गा फार्म में मजदूरी करता था। परिवार फार्म परिसर के पास एक किराये के कमरे में रह रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही पतौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। बाद में वैज्ञानिक जांच दल भी मौके पर पहुंचा और कमरे से कई अहम सुराग इकट्ठा किए। स्थानीय लोगों के अनुसार मंगलवार की अहले सुबह कमरे से तेज चीख-पुकार की आवाजें सुनाई दीं। पहले तो लोगों ने इसे सामान्य पारिवारिक विवाद समझा, लेकिन जब आवाजें लगातार आने लगीं तो आसपास के मजदूर मौके की ओर दौड़े। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि महिला और बच्चे गंभीर रूप से घायल पड़े हैं, जबकि युवक भी खून से लथपथ था। मुर्गा फार्म में काम करने वाली मजदूर सुनीता दास ने बताया कि घटना के समय अधिकतर मजदूर मुर्गियों को दाना और पानी देने में लगे हुए थे। तभी एक बच्चे ने शोर सुनकर अन्य लोगों को बुलाया। जब लोग कमरे के अंदर पहुंचे तो चारों लोग बुरी तरह घायल पड़े थे। सभी को तुरंत अस्पताल भेजा गया, लेकिन चिकित्सकों ने महिला और बच्चों को मृत घोषित कर दिया। मृत बच्चों के मामा मंगू दास ने आरोप लगाया कि पति-पत्नी के बीच सुबह किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद संदीप दास उर्फ बिल्टू दास ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी और बच्चों पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने डंडे और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर चारों की हत्या की और बाद में खुद को भी घायल कर लिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और भय का माहौल है। आसपास रहने वाले लोग इस हत्याकांड से स्तब्ध हैं। लोगों का कहना है कि परिवार सामान्य रूप से रह रहा था और किसी बड़े विवाद की जानकारी उन्हें पहले नहीं थी। मौके पर सिटी पुलिस अधीक्षक और सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी भी पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी की स्थिति सामान्य होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने कमरे से खून से सने डंडे और अन्य सामान बरामद किए हैं। वैज्ञानिक जांच दल द्वारा साक्ष्यों को एकत्रित कर जांच के लिए भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारणों और घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर घरेलू विवादों के भयावह रूप को उजागर कर दिया है। चार लोगों की एक साथ हत्या से पूरा दरभंगा जिला स्तब्ध है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेज गति से की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

You may have missed