पटना समेत राज्य के 15 जिलों में मौसम विभाग का पूर्वानुमान जारी, तेज हवा के कारण गिरेगा तापमान

पटना। राजधानी समेत प्रदेश के तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति जारी है। बुधवार को राजधानी समेत प्रदेश के 15 जिलों के अधिकतम तापमान में आंशिक कमी आई है। जबकि बाकी शहरों के अधिकतम तापमान में आंशिक वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार एक चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र उत्तर पूर्व बांग्लादेश व इसके आसपास बना हुआ है। साथ ही ट्रफ रेखा परिसंचरण का क्षेत्र होते हुए उत्तरी ओडिशा तक बना हुआ है। इनके प्रभाव से तीन दिनों के दौरान सतही हवा की गति 10-15 किमी प्रतिघंटा रहने का पूर्वानुमान है। वहीं, प्रदेश के कुछ स्थानों पर झोंके के साथ हवा की गति 20-30 किमी प्रतिघंटा रह सकती है। अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन के आसार नहीं है। पटना के अधिकतम तापमान में बीते 24 घंटों के दौरान 1.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को पटना व इसके आसपास इलाकों में हवा की गति 10 किमी प्रतिघंटा रही। गुरुवार को पटना और इसके आसपास का मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा। प्रदेश के अधिसंख्य जगहों पर 36-38 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहने के आसार हैं।

About Post Author

You may have missed