अक्टूबर में टी-20 वर्ल्ड कप के बाद होगी केएल राहुल और आथिया शेट्टी की शादी, शुरू हुई तैयारियां

मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम के उपकप्तान केएल राहुल और एक्ट्रेस अथिया शेट्टी साल के आखिर तक शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। दोनों 3 साल से डेट कर रहे हैं। अथिया फिल्म स्टार सुनील शेट्टी की बेटी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों सर्दियों में सात फेरे ले सकते हैं। संभावना है कि अक्टूबर में शुरू होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के बाद शादी साउथ इंडियन रीति-रिवाजों से होगी। केएल राहुल इस समय टाटा आईपीएल में लखनऊ सुपर जाइंट्स टीम की कप्तानी कर रहे हैं। सुनील शेट्टी और उनके परिवार को हाल ही में हुए लखनऊ सुपर जाएंट्स के मैचे में लखनऊ टीम को चीयर करते देखा गया है। 19 अप्रैल को भी लखनऊ और बेंगलुरु के मैच के दौरान अथिया शेट्टी को दर्शक दीर्घा में देखा गया।
शेट्टी परिवार के फंक्शंस में शामिल होते हैं राहुल
राहुल और अथिया की रिलेशनशिप की खबरों के बाद केएल राहुल कई बार सुनील शेट्टी के परिवार के साथ फंक्शंस में देखे गए हैं। अथिया के भाई अहान की डेब्यू फिल्म तड़प के प्रीमियर के दौरान भी राहुल शेट्टी परिवार के साथ ही थे। दोनों के रिश्तों को परिवार की मंजूरी है। कई मौकों पर सुनील शेट्टी ने राहुल की पारियों पर सोशल मीडिया पोस्ट किए हैं। सुनील, राहुल को बाबा कहकर बुलाते हैं। अगस्त 2021 को इंग्लैंड दौरे के दौरान अथिया टीम इंडिया के साथ थीं। 12 अगस्त को राहुल ने इंग्लैंड के खिलाफ शतक जमाया था, उसके एक दिन पहले ही सुनील शेट्टी का जन्मदिन था। राहुल के इस शतक को सुनील ने अपना बर्थडे गिफ्ट बताया था।
पहले से ही शुरू हुई शादी की तैयारियां
सुनील शेट्‌टी के करीबी सूत्र ने खुलासा किया है कि शादी की तैयारियां पहले से ही शुरू हो चुकी हैं। कपल के पेरेंट्स को अथिया और राहुल की जोड़ी काफी पसंद है। इसलिए दोनों ने अपने इस रिश्ते को नाम देने का फैसला किया है। अगर सब सही रहा तो 2022 के आखिरी में राहुल और अथिया पति-पत्नी होंगे। दोनों को अक्सर कई मौकों पर साथ में स्पॉट किया जाता है। सोशल मीडिया पर भी दोनों एक दूसरे के पोस्ट पर प्यार का इजहार करते रहते हैं। हाल ही में राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जाइंट्स के बीच हुए आइपीएल मैच में अथिया अपनी फैमिली के साथ केएल राहुल को चीयर अप करती नजर आई थीं। सुनील शेट्‌टी टीम की स्काईब्लू टी-शर्ट पहने राहुल को चीयर करते दिखे।
साउथ इंडियन रीति-रिवाजों से होगी शादी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्रिकेटर और एक्ट्रेस साउथ इंडियन वेडिंग करेंगे, क्योंकि सुनील शेट्‌टी का जन्म मुल्की, मैंगलोर में एक मंगलोरियन फैमिली में हुआ था, और वह एक साउथ इंडियन हैं। राहुल भी एक मंगलोरियन फैमिली से हैं। इसलिए कपल साउथ इंडियन रीति-रिवाजों से शादी करेगा। अथिया और राहुल हमेशा से ही अपने रिलेशनशिप को लेकर ओपन रहे हैं। कपल की सोशल मीडिया पोस्ट से पता चलता है कि दोनों एक-दूसरे के साथ बेहद प्यार में हैं। हाल ही में दोनों एक आईवियर ब्रांड ऐड में साथ नजर आए हैं, जिससे शादी को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है। हालांकि, अभी तक कपल और उनकी फैमिली की ओर से कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं की गई है।

About Post Author

You may have missed