रोहतास में केके पाठक बोले, हमें फ्रीडम फाइटर नहीं बल्कि शिक्षक चाहिए, संघ बनाइएगा तो हम हटा देंगे

रोहतास। शिक्षा विभाग के अपर सचिव के के पाठक ने बीपीएससी से नवनियुक्त शिक्षकों से कहा है कि वे अनुशासन में रहें। किसी तरह की संघ बनाने की जरूरत नहीं है। हमें फ्रीडम फाइटर नहीं चाहिए। एक शिक्षक चाहिए, जो हमारे बच्चों को पढ़ा सकें। किसी में कोई इंकलाबी कीड़ा है तो हटा दें नहीं तो हम हटा देंगे। संघ की जरूरत नहीं। आप सरकारी सेवक हैं, अनुमति नहीं है। अगर संघ बनाइएगा तो हम हटा देंगे। आप हाईकोर्ट जाएंगे तो हम सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। अनुशासन में रहें। टीचर नहीं आ रहे हैं। एक घंटा देर से आते हैं। ये सब नहीं चलेगा। ये बातें के के पाठक ने डायट सासाराम में शनिवार को प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नवनियुक्त शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहीं। इस दौरान रोहतास डीएम और शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। शिक्षकों को संबोधित करन से पहले अपर सचिव केके पाठक दोपहर रोहतास पहुंचे थे। उन्होंने करीब 6 स्कूलों का निरीक्षण किया। अपर सचिव सबसे पहले शिवसागर मध्य विद्यालय पहुंचे। फिर उर्दू विद्यालय और इसके बाद दुर्गा प्लस टू हाईस्कूल भी गए। इस दौरान स्कूलों में क्लास रूम में गए और बच्चों से जानकारी ली कि होम वर्क मिल रहा है कि नहीं, मासिक परीक्षा होती है या नहीं। बच्चों से कुछ सवाल-जवाब भी किए। निरीक्षण के बाद अपर सचिव देर शाम जिला मुख्यालय स्थित डायट पहुंचे। जहां प्रशिक्षण की जानकारी ली। इस दौरान उनको संबोधित करते हुए संघ न बनाने की चेतावनी दी। जिसका वीडियो भी सामने आया है। जिसमें देखा जा सकता है। एक क्लास रूम में वे सभी को संबोधित कर रहे हैं। टीईटी-एसटीईटी उत्तीर्ण नियोजित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष मार्कण्डेय पाठक ने कहा है कि यह बयान अलोकतांत्रिक है। संविधान से विभाग चलता है, राज्य और देश चलता है। सेवा शर्तों में सुधार के लिए या जायज मांगों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से बातों को रखने के लिए मंच, संघ बना सकता है। लेकिन जेपी की भूमि पर इस तरह की बात हो रही है तो यह गलत है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इस पर संज्ञान लेना चाहिए।

About Post Author