August 12, 2026

पटना में बुजर्ग की निर्मम हत्या; कान पर कटे का निशान, भाई पर लगा आरोप

पटना। दानापुर के मनेर थाना क्षेत्र में एक बुजर्ग की हत्या कर दी गई। आरोप उसके भाई पर ही लगा है। गर्दन और कान पर कटे निशान पाए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। घटना ब्यापुर इलाके की है। मृतक की पहचान जहानाबाद निवासी धुरी बिन के तौर पर हुई है। जो अपने भाई महादेव बिन के साथ ब्यापुर में रहता था। दोनों दूसरों के खेतों में काम करते थे। ग्रामीणों के मुताबिक शुक्रवार देर रात दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था। आपस में गाली-गलौज भी कर रहे थे। आज सुबह अजय सिंह के घर के बाहर एक भाई का शव मिला है। मृतक के पुत्र मुकेश कुमार ने बताया कि खेत में काम करने के लिए एक माह पहले मेरे पिता ब्यापुर आए हुए थे। कल रात 9 बजे हमारी बात हुई थी। उस समय तक सबकुछ ठीक था। आज सुबह इनकी मौत की खबर मिली। जिसके बाद हमलोग यहां पहुंचे। घटना के संबंध में दानापुर डीएसपी-2 पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर लड़ाई-झगड़ा हुआ था। आरोपी महादेव बिन को लोगों ने भागते हुए भी देखा था। घटनास्थल पर उसका कपड़ा और चप्पल मिला है। फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया है। हर पहलू पर छानबीन की जा रही है।

You may have missed