31 जुलाई को होगा नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का एलान, उपेंद्र कुशवाहा या ललन सिंह में से किसी एक को मिल सकती है जिम्मेदारी

पटना । जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 31 जुलाई को होने वाली है। इसमें जदयू के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐलान हो जाएगा। इसलिए बैठक से पहले तमाम नेताओं को अपने कार्यक्रम निपटाने को कह दिया गया है।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सभी नेताओं के शामिल होने की बात कही गई है। इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह, ललन सिंह, उपेंद्र कुशवाहा सहित पार्टी के सभी राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य शामिल होंगे। इसी दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा होगी।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में एजेंडों को तय किया जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की क्या रणनीति रहेगी? किन मुद्दों पर पार्टी अगले तीन महीने काम करेगी? इसमें जदयू अहम राजनीतिक प्रस्ताव भी लेकर आ सकती है।

इन राजनीतिक प्रस्ताव में जातीय जनगणना व जनसंख्या नियंत्रण पर चर्चा हो सकती है। जदयू के नेता लगातार बिहार दौरे पर हैं संगठन को मजबूत करने से लेकर अपने संगठन के नेताओं को तैयार कर रहे हैं।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक इसलिए भी आयोजित हो रही है। क्योंकि, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह केंद्र में मंत्री बन चुके हैं।

अब वह सरकार और संगठन को बराबर समय नहीं दे पाएंगे। ऐसी स्थिति में एक व्यक्ति एक पद के तहत उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से इस्तीफा देना होगा और नए अध्यक्ष का चयन करना होगा।

31 जुलाई के इस अहम बैठक में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा तय है। नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौर में उपेंद्र कुशवाहा और ललन सिंह शामिल है। इन दोनों में से किसी एक को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान सौंपी जाएगी।

About Post Author