बिहार के मोस्ट वांटेड मुन्ना मिश्रा को गोपालंगज पुलिस ने उत्तर प्रदेश से दबोचा, कई सालों से था फरार, 18 अपराधों में था शामिल

गोपालगंज । बिहार के मोस्ट वांटेड अपराध मुन्ना मिश्रा को गिरफ्तार करने में गोपालगंज की पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश से मुन्ना मिश्रा को एके-47 और कई जिंदा कारतूस के साथ दबोचा है।

गोपालगंज एसपी आनंद कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को हथुआ एसडीपीओ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में छापेमारी कर मुन्ना मिश्रा को गिरफ्तार किया गया। एसपी आनंद कुमार ने बताया कि गोपालगंज की पुलिस को सालों से मुन्ना मिश्रा की तलाश थी।

मुन्ना मिश्रा गोपालगंज सहित बिहार और उत्तर प्रदेश के लगभग 18 वांछित अपराधों में शामिल था। उस पर डकैती, अपहरण, हत्या, फिरौती, रंगदारी सहित कई मामले दर्ज हैं।

उसका नाम गोपालगंज के कई नामी हत्याओं में भी शामिल था। आए दिन व्यापारियों से फोन पर रंगदारी मांगता था। मुन्ना का जिले के मीरगंज, हथुआ, भोरे, विजयीपुर, फुलवरिया, कटेया, कुचायकोट सहित सदर प्रखंड में अत्यधिक प्रभाव था।

मुन्ना के पास से मिले हथियार को देखकर पुलिस के होश उड़ गए। अब पुलिस इस बात का पता कर रही है कि कहीं इस हथियार का भी मुंगेर-जबलपुर कनेक्शन तो नहीं है? पुलिस इस बात की जानकारी लेने की कोशिश कर रही है कि मोस्ट वांटेड के पास एके-47 कैसे पहुंचा? फिलहाल पुलिस कुख्यात से पूछताछ में जुटी हुई है।

मुन्ना मिश्रा करीब आठ वर्षों से फरार चल रहा था। वह इनामी बदमाश था। उस पर 50 हजार रुपए का इनाम था। करीब दो माह पूर्व कटेया थाना के जमुनहा में शिक्षक दिलीप सिंह की गोली मार कर हत्या में उसका नाम आया था। तब से पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी।

मुन्ना शातिर अपराधी है। वह अपराध के बाद यूपी फरार हो जाता था। लखनऊ, गोरखपुर, देवरिया आदि इलाके में वह नाम व हुलिया बदल कर रहता था।

2012 में हुई गिरफ्तारी के बाद से वह फरार चल रहा था। वह व्यवसायियों व ठेकेदारों से रंगदारी वसूलता था। जबरन जमीन कब्जा करता था। जो भी उसके खिलाफ पुलिस को सूचना देता, उसकी हत्या कर देता था।

About Post Author

You may have missed