November 12, 2026

BIHAR : JDU के प्रखंड अध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम तय, 26 एवं 27 मार्च को 275 और 3 एवं 4 अप्रैल को 259 का होगा प्रशिक्षण

पटना। जदयू के प्रखंड अध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा द्वारा तय किए गए कार्यक्रम के अनुसार प्रखंड अध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम 26 एवं 27 मार्च को 19 संगठन जिलों के 275 प्रखंड अध्यक्षों का प्रशिक्षण होगा, जबकि 3 एवं 4 अप्रैल को शेष 22 संगठन जिलों के 259 प्रखंड अध्यक्षों का प्रशिक्षण सुनिश्चित किया गया है। सभी प्रशिक्षण कार्यक्रम पटना स्थित जदयू मुख्यालय के कर्पूरी सभागार में होंगे।
प्रदेश महासचिव अनिल कुमार ने बताया कि इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के उद्घाटनकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह होंगे, जबकि इसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा करेंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार करेंगे, जबकि तकनीकी व मीडिया संबंधी जिम्मेदारी जदयू मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप संभालेंगे।
इस दिन इन जिलों के प्रखंड अध्यक्षों का होगा प्रशिक्षण
26 एवं 27 मार्च को जिन 19 जिलों के प्रखंड अध्यक्षों का प्रशिक्षण होगा, वे हैं: बगहा, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया एवं कटिहार। वहीं 3 एवं 4 अप्रैल को शेष 22 संगठन जिलों के प्रखंड अध्यक्षों का प्रशिक्षण होगा। वे जिले हैं: नवगछिया, खगड़िया, बेगूसराय, मुंगेर, भागलपुर, बांका, जमुई, लखीसराय, शेखपुरा, नवादा, नालंदा, जहानाबाद, अरवल, गया, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, बक्सर, भोजपुर, वैशाली, पटना एवं बाढ़।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के विषयों का निर्धारण
प्रशिक्षण कार्यक्रम के विषयों का भी निर्धारण हो गया है। निर्धारित किए गए विषय हैं: व्यावहारिक समाजवाद, नेतृत्व विकास, आन्तरिक बदलाव, नेतृत्व: सफलता की ओर बढ़ते कदम, राजनैतिक संवाद, सामुदायिक संचार, अहिंसक संचार, कार्य-प्रणाली, संगठन, सोशल मीडिया, ग्रामीण विकास की योजनाएं एवं समस्याएं, राजस्व एवं भूमि सुधार के संबंध में राज्य सरकार की पहल तथा प्रखंड स्तर की विधि व्यवस्था एवं पुलिस प्रशासन।

You may have missed