फुलवारी में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट, तलवार-चाकू और बेल्ट चले, वीडियो वायरल
फुलवारीशरीफ। फुलवारीशरीफ के टमटम पड़ाव स्थित मुख्य सड़क पर बजरंगबली मंदिर के पास देर रात दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर बेल्ट, तलवार और चाकू से हमला किया। घटना में दोनों तरफ के कई लोग घायल हो गए। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि कई लोगों ने पिस्टल भी निकाल ली। हालांकि फायरिंग का प्रयास किए जाने की चर्चा है, लेकिन गोली नहीं चल सकी। घटना के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना स्थल फुलवारी शरीफ थाना से महज करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद मारपीट काफी देर तक चलती रही और मौके पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में टेंपो चालकों के दो गुटों के बीच विवाद के बाद मारपीट होने की बात सामने आई है। वहीं स्थानीय लोगों का दावा है कि यह विवाद टेंपो चालकों के बीच नहीं, बल्कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े दो गुटों के बीच हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार टमटम पड़ाव स्थित जोगिया टोली गली में वर्षों से नशे का अवैध कारोबार संचालित हो रहा है। आरोप है कि यहां देशी शराब, अंग्रेजी शराब, गांजा, स्मैक और अन्य मादक पदार्थों की खुलेआम बिक्री होती है। लोगों का कहना है कि नशे के कारोबार को लेकर पहले भी कई बार विवाद और हिंसक घटनाएं हो चुकी हैं तथा इस इलाके में कई हत्याएं भी हो चुकी हैं। फुलवारीशरीफ थाना पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और घटना की जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


