BIHAR : EX MP रमेन्द्र कुमार यादव ‘रवि’ का निधन, राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर

पटना। जदयू मीडिया प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप के पिता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव डॉ. रमेन्द्र कुमार यादव ‘रवि’ ने शुक्रवार दोपहर 01:15 बजे राजेंद्र नगर स्थित एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। ज्ञातव्य हो कि स्व. रवि जी का जन्म वर्ष 1943 में मधेपुरा में हुआ। पहली बार वे प्रोफेसर के रूप में कार्य करते हुए टीपी कॉलेज, मधेपुरा के प्रधानाचार्य बने। उसके बाद उन्होंने बीपी मंडल विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलपति के रूप में काम किया। स्व. रवि जी अपने राजनैतिक जीवन में वर्ष 1981 से 1989 तक मधेपुरा जिला के सिंघेश्वर विधानसभा से विधायक, 1989 से 1991 तक मधेपुरा से सांसद तथा 1992 से 2004 तक राज्यसभा सदस्य के रूप में राज्य के जनता की सेवा की। उनके असामयिक निधन की खबर सुनते ही पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बिहार के राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद रामचन्द्र प्रसाद सिंह, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि स्व. रवि जी के रूप में आज पार्टी ने एक कर्मठ, निष्ठावान और सच्चा सिपाही ही नहीं बल्कि राज्य के जनता का सुख-दु:ख समझने वाला एक कुशल राजनेता के साथ-साथ प्रख्यात शिक्षाविद् साहित्यकार व ओजस्वी वक्ता को खो दिया, उसकी पूर्ति संभव नहीं है। ईश्वर उनकी आत्मा को श्री चरणों में स्थान देकर शान्ति और शोक संतप्त परिवार को दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें। इस दु:ख की घड़ी में पूरी पार्टी उनके शोकाकुल परिवार के साथ है।
शोक व्यक्त करने वालों में बिहार विधान परिषद के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह गांधीजी, रवीन्द्र प्रसाद सिंह, डॉ. रामवचन राय, संजय सिंह व ललन कुमार सर्राफ, डॉ. नवीन कुमार आर्य, अनिल कुमार, चंदन कुमार सिंह, सुनील कुमार, कामाख्या नारायण सिंह, प्रो. सुहेली मेहता, निखिल मंडल, अंजुम आरा, मंजू कुमारी उर्फ गुड्डी देवी सहित दर्जनों नेता शामिल हैं।

About Post Author

You may have missed