मुंगेर में स्कूली छात्रा से रोज छेड़खानी करते थे मनचले, समझाने गए भाई को बेरहमी से पीटा

मुंगेर। बिहार के मुंगेर जिले में स्‍कूल जाने वाली छात्रा को कुछ मनचले रोजना छेड़ते थे। गंदी-गंदी फब्तियां कसा करते थे। इससे परेशान होकर पीड़ित छात्रा ने परिजनों को इसके बारे में जानकारी दी। इसके बाद छात्रा के भाई मनचलों को समझाने उनके घर गए थे। आरोप है कि मनचलों ने अपनी गलती मानने के बजाय छात्रा के भाई की बेरहमी से पिटाई कर डाली। बताया जाता है कि आरोपियों ने युवक को लोहे की रॉड और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। इस घटना में युवक बुरी तरह घायल हो गया। घायल युवक को सदर अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। जहां एक ओर सरकार बेटी बचाव बेटी पढ़ाओ का नारा देती है, वहीं दूसरी तरफ आज भी कुछ मनचलों के कारण बेटियां स्कूल पढ़ने जाने से कतराती हैं। इसका विरोध करने वालों की मनचलों ने बेरहमी से पिटाई भी कर डाली।

जानकारी के अनुसार, मुंगेर जिला के पुरबसराय ओपी क्षेत्र अंतर्गत पड़ने वाले मिन्नत नगर में एक ऐसा ही मामला सामने आया है। गुरुवार देर शाम हाजी सुजान निवासी पेशे से मैकेनिक शहजाद की कुछ लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। शहजाद को घायल अवस्था में मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल के युवक के भाई मोहम्‍मद नौशाद ने बताया कि उनकी छोटी बहन उर्दू मध्य विद्यालय मिन्नत नगर में पढ़ती है। उन्‍होंने आरोप लगाया कि मिन्नत नगर का ही एक लड़का खुर्शीद दोस्तों के साथ मिलकर उनकी बहन के साथ छेड़खानी करने के साथ गंदी-गंदी फब्तियां कसता था। मोहम्‍मद नौशाद ने बताया कि उनकी बहन ने घरवालों को इसके बारे में बताया। बहन की बात सुनने के बाद जब उनका बड़ा भाई शहजाद आरोपी खुर्शीद को समझाने मिन्नत नगर गए तो उल्टे खुर्शीद ने अपने अन्य मनचले दोस्‍तों के साथ मिलकर शहजाद को लोहे की रॉड और लात-घूंसे से जमकर पिटाई कर दी। शहजाद बुरी तरह घायल हो गये। दूसरी तरफ घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी वहां से भाग खड़े हुए। वहीं, इस बात की सूचना पुलिस को मिलने के बाद घायल के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

About Post Author

You may have missed