मोकामा उपचुनाव पर बीजेपी का नीतीश-तेजस्वी को खुला चैलेंज, संजय जायसवाल बोले- 2024 में ललन सिंह को मुंगेर में भी देंगे मात

पटना। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद संजय जायसवाल ने नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव के महागठबंधन को चुनौती दी है कि अनंत सिंह के अयोग्य घोषित होने से खाली मोकामा विधानसभा सीट का उपचुनाव भाजपा जीतेगी ही, 2024 में जेडीयू अध्यक्ष ललन सिंह की मुंगेर लोकसभा सीट तीन लाख से अधिक वोट के अंतर से जीतेगी। बिहार में नीतीश के गठबंधन बदलने के बाद से बीजेपी लगातार उन पर चोट कर रही है जिसमें संजय जायसवाल के अलावा पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, नेता विपक्ष विजय सिन्हा, सम्राट चौधरी, नितिन नवीन अग्रिम मोर्चे पर दिख रहे हैं। मोकामा सीट आरजेडी के टिकट पर विधायक बने अनंत सिंह के सजायाफ्ता होने के बाद खाली हुई, जिस पर अनंत सिंह ने अपनी पत्नी नीलम देवी को लड़ाने का मन बना रखा है। उप-चुनाव में यह सीट आरजेडी को ही मिलने की संभावना है और आरजेडी इस सीट पर अनंत सिंह को नाराज करके कोई कैंडिडेट उतारेगी, इसकी गुंजाइश कम है।

वही अब मोकामा की लड़ाई के लिए बीजेपी तैयार है और इसी सिलसिले में जायसवाल ने कहा कि मोकामा में भाजपा वर्षों से नहीं लड़ी है क्योंकि यह सीट गठबंधन में दूसरे दलों को मिल जाती थी। उन्होंने कहा कि इस बार बीजेपी पूरे दमखम के साथ मोकामा लड़ेगी और जीतेगी। वही उन्होंने जेडीयू अध्यक्ष ललन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि 2020 के चुनाव में मुंगेर लोकसभा के अंदर पड़ने वाली छह विधानसभा सीट में तीन पर बीजेपी और तीन पर जेडीयू लड़ी थी। बीजेपी ने तीनों सीट जीत ली और जेडीयू तीनों सीट हार गई। उन्होंने कहा कि ललन सिंह राष्ट्रीय नेता बने घूमते हैं जबकि अपने इलाके में अपनी पार्टी के कैंडिडेट को नहीं जिता सकते। उन्होंने कहा कि बीजेपी उप-चुनाव में ना सिर्फ मोकामा सीट जीतेगी बल्कि 2024 में मुंगेर लोकसभा सीट तीन लाख से अधिक के मार्जिन से जीतेगी।

About Post Author

You may have missed