October 23, 2026

बेगूसराय गोलीकांड पर बीजेपी ने सरकार को घेरा, गिरिराज सिंह ने सीएम को बताया धृतराष्ट्र, विजय सिन्हा बोले- अब तो गृह विभाग छोड़िए

पटना। बिहार के बेगूसराय में हुए गोलीकांड पर बीजेपी नेताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कठघरे में खड़ा कर दिया है। सुशील मोदी और गिरिराज सिंह से लेकर विजय सिन्हा और शाहनवाज हुसैन तक बिहार बीजेपी के सभी बड़े नेताओं ने नीतीश सरकार पर सवाल उठाए हैं और बिहार में जंगलराज करार दिया है। बीजेपी ने बुधवार को बेगूसराय बंद भी बुलाया है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि महागठबंधन सरकार बनने के बाद से ही अपराधी खुले आम घूम रहे हैं और आम जनता में डर व्याप्त है।
महागठबंधन की सरकार में अपराधियों के हौसलें बुलंद : सुशील मोदी
पूर्व डिप्टी सीएम एवं राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने कहा कि जबसे बिहार में महागठबंधन की सरकार बनी है, अपराधियों के हौसलें बुलंद हैं। अपराधियों को लग रहा है कि जैसे उनकी सरकार बन गई हो। थाने में घुसकर डीएसपी की वर्दी फाड़ रहे हैं। 30 किलोमीटर तक अंधाधुंध फायरिंग कर रहे हैं। 3 दिन पहले मुख्यमंत्री नीतीश ने लॉ एंड ऑर्डर की मीटिंग की, लेकिन उसका कोई फायदा नहीं हुआ। लोग दहशत में जी रहे हैं। लोगों को डर है कि कहीं पुराना दौर लौटकर के नहीं आ जाए। वही पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार में अपराधियों के अंदर प्रशासन, सरकार का जो खौफ खत्म हो गया है, वो बेहद चिंता की बात है। गरीब, कमजोर लोग बिहार में बढ़ते अपराध के शिकार हुए हैं। शाहनवाज ने देर रात अस्पताल में जाकर गोलीकांड के पीड़ितों से मुलाकात भी की।
अश्विनी चौबे बोले -सीएम पद से इस्तीफा दें नीतीश
केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि जनता और खासकर महिलाओं में दहशत व्याप्त है। क्या यही सुशासन है। नीतीश कुमार ने बिहार की जनता को जंगलराज में धकेल दिया। उन्हें मुख्यमंत्री पद से तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। नीतीश अब जनता के लायक नहीं रहे, उन्हें शर्म आनी चाहिए। इतनी बड़ी घटना हुई, जंगलराज इसी को कहते हैं।
गिरिराज सिंह ने नीतीश को बताया धृतराष्ट्र
बेगूसराय सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि धृतराष्ट्र नीतीश कुमार जंगलराज को जनता राज बताकर अपराधियों का मनोबल बढ़ा रहे हैं। उस राज्य में कानून व्यवस्था का क्या होगा जब एक मुख्यमंत्री ही अपराधियों का मनोबल बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि बेगूसराय गोलीकांड के मृतक को नीतीश सरकार 1 करोड़ रुपये का मुआवजा दे। साथ ही घायलों को 50-50 लाख रुपये दिए जाएं।
विजय सिन्हा बोले- गृह मंत्रालय छोड़े नीतीश कुमार
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि बेगूसराय में हुए गोलीकांड की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री को गृह विभाग से इस्तीफा देना चाहिए। उनके समर्थक बताते हैं कि एक ट्रेन दुर्घटना के बाद उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेकर रेलमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। आज भी नैतिकता का वही मानदंड लोगों के सामने रखने का वक्त है। नीतीश कुमार बीते 17 सालों से गृह विभाग की कमान संभाल रहे हैं और प्रशासनिक सूझबूझ और क्षमता को दरकिनार कर अपने चहेते को ही महत्वपूर्ण पदों पर बैठाते हैं।

You may have missed