बेगूसराय गोलीकांड के विरोध में भाजपा का आज बेगूसराय बंद, पीड़ितों से मिलने पहुचे सांसद गिरिराज सिंह

पटना। गोलीकांड के विरोध में बीजेपी ने बुधवार को बेगूसराय बंद बुलाया है। बेगूसराय सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बंद का ऐलान करते हुए बिहार सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार बेगूसराय और बिहार में मौत के तांडव के बीच कुंभकर्ण की नींद में सो रही है। उसे जगाने के लिए बीजेपी और आम लोगों ने बुधवार को बेगूसराय बंद का आह्वान किया है। बता दें कि एक दिन पहले बाइक सवार बदमाशों ने बेगूसराय जिले में 30 किलोमीटर तक अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें एक शख्स की मौत हो गई। वहीं, 9 अन्य घायल हैं। जिसके बाद सांसद गिरिराज सिंह भी आज यानी बुधवार को बेगूसराय आने वाले हैं।
चकिया से लेकर बछवाड़ा तक फायरिंग
मंगलवार को बाइक पर सवार दो सनकी युवकों ने चकिया से लेकर बछवाड़ा तक फायरिंग की। इस दौरान 10 राहगीरों को उसने गोली मारी। एक की मौत भी हो गयी है। ये युवक पुलिस से बेखौफ थे और सवा घंटे तक एनएच 28 पर करीब 25 किलोमीटर की दूरी तक गोलीबारी करते रहे। रास्ते में उन्हें जो मिला उसपर गोली दाग दी। बेगूसराय गोलीकांड की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिये हैं। आखिर छह थानों को वो युवक पार कर गये और कहीं भी पुलिस उसे नहीं पकड़ पायी। जब युवक फायरिंग करके लापता हो गये तब जाकर पुलिस की नींद खुली।
बेगूसराय बंद का आह्वान
बेगूसराय में बढ़ते अपराध की घटनाएं और सनकी बदमाशों के द्वारा 10 लोगों को गोली मारने के इस घटना के विरोध में भाजपा ने बुधवार को बेगूसराय बंद का आह्वान किया है। भाजपा जिले में चक्का जाम करेगी। भाजपा के जिलाध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने महागठबंधन सरकार पर हमला बोलते हुए अपराधियों के बेलगाम होने का आरोप लगाया है। गौरतलब है कि बेगूसराय में अपराध बढ़ते जा रहे हैं। मंगलवार की घटना के बाद जिले की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया। पुलिस अपराधियों के धर-पकड़ के लिए सघन छापेमारी कर रही है। एसपी का दावा है कि जल्द ही पुलिस इस घटना का उद्भेदन करेगी और अपराधियों को गिरफ्तार करेगी।

About Post Author

You may have missed