कर्नाटक में बड़ा हादसा : बोरी का ढेर गिरने से बिहार के 7 मजदूरों की मौत, नीतीश ने जताया शोक

- आश्रितों को 2-2 लाख रुपए देने की घोषणा
पटना। बिहार के 7 मजदूरों की मौत कर्नाटक में हो गई. मिली जानकारी के अनुसार, कर्नाटक के विजयपुरा के आलियाबाद औद्योगिक क्षेत्र में एक निजी खाद्य प्रसंस्करण इकाई के गोदाम में लगभग 100 टन मकई के बोरे के नीचे दब जाने से बिहार के 7 मजदूरों की मौत हुई है. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस दर्दनाक हादसे पर दुःख जताया हैं। उन्होंने इस घटना को काफी दुखद बताया है। वही मुख्यमंत्री ने इस घटना में मृत मजदूरों के शोक संतप्त परिवारों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने इस घटना में बिहार के मृतक मजदूरों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रूपये अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली में बिहार के स्थानिक आयुक्त को स्थिति का जायजा लेने तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने एवं मृत मजदूरों के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव पहुँचाने के लिये सभी समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। साथ ही इस हादसे में घायल हुये लोगों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। विजयपुरा में एक गोदाम में स्टोरेज यूनिट ढह जाने से 10 से अधिक श्रमिक अनाज से भरी बोरियों के नीचे फंस गए हैं। विजयपुरा के डिप्टी कमिश्नर टी भूबालन ने बताया कि सभी मजदूर गोदाम में फंसे हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि मजदूरों की संख्या लगभग 10 से 12 लोगों के बीच हैं।
