बिहार में कुछ ऐसा रहा भारत बंद का नजारा : पटना डाकबंगला चौराहा और बाइपास को किया जाम तो विभिन्न जिलों में दिखा आंशिक असर

पटना। कृषि कानूनों और विधायकों के साथ बदसलूकी के विरोध में भारत बंद का बिहार में सुबह से ही आंशिक असर देखने को मिला। राजधानी के डाकबंगला चौराहे को दोपहर 12 बजे के करीब भाकपा (माले) के कार्यकर्ताओं ने पूरी तरह से घेर लिया। बड़ी संख्या में यहां पुलिस बल भी तैनात थी। राजद और माले के कई कार्यकर्ता डाकबंगला चौराहे के पास जमीन पर बैठ गए। राजद की महिला सारिक पासवान के हाथों में टमटम की लगाम दिखी। उन्होंने कहा कि देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है। सरकार आवाज उठाने पर विधायकों को पीटने का काम करती है। राजद कार्यालय के पास बंद समर्थक सड़क पर आगजनी कर लोगों को आवागमन करने से रोकते नजर आए। वहीं बंद समर्थक डाकबंगला चौराहे पर बैठ गए और रोड को जाम कर दिया। कार्यकर्ताओं को चौराहे से हटाने के लिए दर्जनों पुलिस पहुंच गई। इस दौरान एक जाप कार्यकर्ता बेहोश हो गया। पटना सिटी में बंद समर्थकों ने पुरानी एनएच पर आगजनी की, इस वजह से सड़क पर आवागमन बाधित हो गया। उधर, नालंदा में राजद कार्यकर्ताओं ने अर्थी जुलूस निकाला। बिहारशरीफ में अर्थी जुलूस में बड़ी संख्या में राजद के कार्यकर्ता शामिल हुए। राजधानी पटना में राजद के कई कार्यकर्ता टमटम पर बैठकर प्रदर्शन करते हुए दिखे।


ट्रैक्टर लगाकर किया पटना बाइपास जाम
वहीं पटना के बाइपास जगनपुरा मोड़ पर बंद का असर देखा गया। जगनपुरा मोड़ के पास राजद समर्थकों ने सड़क के दोनों तरफ ट्रैक्टर और अन्य वाहनों को लगाकर मार्ग को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। बंद समर्थक नीतीश सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे। बंद के कारण बस स्टैंड, न्यू बाईपास, अनीसाबाद मोड़ सहित कई जगहों पर यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


आम लोगों को हुई परेशानी
बिहार के विभिन्न जिलों वैशाली, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर, बांका, आरा, बेगूसराय, जहानाबाद, नवादा में विपक्षी दल बंद को सफल बनाने में पूरी ताकत झोंक दी। बेगूसराय में बंद समर्थक 2 घंटे तक एनएच-31 को जाम रखा। गया में सुबह से 11 बजे तक आवागमन सामान्य रहा। लेकिन यहां 11 बजे के बाद राजद कार्यकर्ता जुटने लगे। इससे शहर के कई इलाकों में जाम की स्थिति बन गई। बाहर से आए हुए लोग परेशान नजर आए।
आवागमन को लोगों ने किया ठप
बेगूसराय में एनएच-31 और एनएच-28 को बंद समर्थकों ने सुबह से ही कई जगह पर जाम कर यातायात ठप कर दिया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी आवागमन को ठप किया गया। एनएच-31 पर साहेबपुर कमाल से सिमरिया पुल तक और एनएच-28 पर जीरोमाइल से रसीदपुर तक कई जगह बांस-बल्ला लगाकर और टायर जलाकर सड़क को पूरी तरह से बाधित कर दिया गया। वहीं पूर्णिया में राजद के बिहार बंद का असर शहर में ज्यादा दिखा। शुक्रवार की सुबह 8 बजे से ही राजद के साथ-साथ कांग्रेस, जाप और वाम दलों के नेता सड़क पर उतर कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। शहर के आरएन साव चौक, गिरिजा चौक, लाइन बाजार, गुलाबबाग, जीरो माइल के पास सड़क जाम कर यातायात को रोक दिया गया।
दरभंगा और वैशाली में किया हाइवे जाम
दरभंगा के लहेरियासराय में सुबह 8 बजे जानकी एक्सप्रेस को भाकपा (माले) के बैनर तले रोका गया। दरभंगा में हाइवे जाम कर दिया गया। वैशाली में राजद कार्यकर्ता सुबह से ही सड़क पर उतर कर हाइवे को जाम कर दिया और टायर जलाकर आगजनी करने लगे। महुआ विधायक डॉ. मुकेश रौशन के नेतृत्व में कई कार्यकर्ता भारत बंद को सफल बनाने के लिए सड़क पर उतरे।


बांका में दुकानों को करवाया बंद
बांका में राजद कार्यकर्ताओं ने पूरे शहर में घूमकर दुकानों को बंद कराया। इसके बाद सैकड़ों कार्यकर्ता गांधी चौक पर धरना प्रदर्शन करने लगे। राजद के पूर्व बेलहर विधायक रामदेव यादव ने कहा कि बिहार सरकार पूरी तरह निकम्मी है, यह सरकार बदलनी है। विधानसभा के भीतर जो अमानवीय घटना विधायकों के साथ हुई है, जिसकी निंदा जितनी की जाए, वह कम है।
भागलपुर में निकाला विरोध मार्च
भागलपुर में राजद और वामदल कार्यकर्ताओं ने सुबह 10 बजे स्टेशन चौक से विरोध मार्च निकाला। यह मार्च वेरायटी चौक होते हुए वापस स्टेशन चौक पर आ गया। बंद समर्थक सरकार के विरोध में नारेबाजी कर रहे थे।

About Post Author