September 28, 2026

भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन पहुंची बक्सर, केंद्रीय मंत्री ने यात्रियों का कराया बक्सर भ्रमण

पटना/बक्सर। केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने देश की पहली भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन नई दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से बक्सर पहुंचने पर शनिवार को यात्रियों का भव्य स्वागत कर बक्सर भ्रमण कराया। इसके बाद उनके जाने के समय बक्सर नगर भवन में भव्य विदाई कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें श्रीराम जन्म भूमि न्यास सिद्धाश्रम द्वारा राजभोग प्रसाद के रूप में दिया गया।
केंद्रीय मंत्री श्री चौबे ने कहा कि देश की पहली भारत गौरव पूरी ट्रेन के रामायण परिपथ पर बक्सर पहुंचने पर यात्रियों का मेरे साथ बक्सर वासियों ने भव्य स्वागत किया। बक्सर के आध्यात्मिक महत्व से यात्रियों को अवगत कराया गया। रामायण सर्किट का अत्यंत महत्वपूर्ण पड़ाव बक्सर है। यात्रियों को भगवान वामन के प्राकट्य स्थली, विश्वामित्र की तपोभूमि और श्रीराम की कर्मस्थली बक्सर के श्रीराम और रामायण से जुड़े सभी प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान रामरेखा घाट मुख्य सड़क पर श्रद्धालुवों पर स्कूली छात्राओं ने पुष्पवर्षा भी किया। श्री चौबे ने पहली भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन को शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और संस्कृति मंत्री किशन रेड्डी को धन्यवाद देते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
बता दें कि देश की पहली भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन मंगलवार को सफदरजंग रेलवे स्टेशन से निकली। इस टूरिस्ट ट्रेन को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हरी झंडी दिखाई। यह भारत की पहली टूरिस्ट ट्रेन है, जो रामायण सर्किट यात्रा पर सफर करते हुए सैलानियों को नेपाल के जनकपुर तक की सैर कराएगी।

You may have missed