जदयू का आभार यात्रा : उपेन्द्र कुशवाहा बोले- सीएम नीतीश के चलते ही जातीय गणना कराए जाने का ऐतिहासिक निर्णय हुआ

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा जातीय गणना कराए जाने के ऐतिहासिक एवं युगांतरकारी फैसले के प्रति उनका आभार व्यक्त करने के लिए जदयू द्वारा शनिवार को पूरे बिहार प्रदेश में आभार यात्रा निकाली गयी। वहीं पटना में जेपी गोलंबर से आभार यात्रा आरंभ होकर कारगिल चौक (गांधी मैदान) तक निकाली। जिसमें जदयू संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा, मंत्री अशोक चौधरी, लेसी सिंह, रविन्द्र प्रसाद सिंह, डॉ. नवीन आर्य चंद्रवंशी, अरूण कुमार सिंह, मृत्युंजय कुमार सिंह, लोक प्रकाश सिंह, किरण रंजन, मनीष कुमार, वासुदेव कुशवाहा, हिमांशु पटेल, रीना चौधरी, प्रवक्ता अरविंद निषाद, माधुरी पटेल, सुषमा सिन्हा, ओम प्रकाष सिंह सेतु, विनीता स्टैफी पासवान, श्वेता विश्वास, नूतन पासवान, प्रतिभा सिंह, नंद किशोर कुषवाहा, रेणुका कुशवाहा, सागरिका चौधरी सहित सैकड़ों नेता एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।
पूरे देश में जातीय गणना कराने की मांग पर आज भी कायम
इस मौके पर उपेन्द्र कुशवाहा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी ने इस कार्यक्रम को करने का जो निर्णय लिया, वह आज पूरे बिहार में ऐतिहासिक रुप से सफल हुआ। उन्होंने कहा कि सिर्फ और सिर्फ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चलते ही बिहार में जातीय गणना कराए जाने का निर्णय हो पाया है। उन्होंने इसके लिए विशेष पहल की और सबको इस बिंदु पर सहमत करवाया है। यह एक ऐतिहासिक फैसला है, साथ ही उन्होंने कहा कि पूरे देश में जातीय गणना कराने की अपनी मांग पर हम आज भी कायम हैं और इस मंच से आज पुन: अपनी उस मांग को दुहराते हैं।


सीएम सर्वांगीण विकास के लिए अनवरत प्रयासरत
वहीं भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सूझबूझ की बदौलत ही यह निर्णय बिहार में हो पाया है। हमारे मुख्यमंत्री प्रदेश की भलाई के लिए, इसके सर्वांगीण विकास के लिए अनवरत प्रयासरत हैं। उन्होंने प्रदेश में 24 हजार करोड़ के वार्षिक बजट को 2.37 लाख करोड़ से ऊपर पहुंचा दिया है।
1989 से ही जातीय गणना कराने की मांग करते रहे
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 1989 से ही पूरे देश में जातीय गणना कराने की मांग करते रहे हैं। इस बार उन्होंने दो-दो बार विधानसभा से सर्वसम्मत प्रस्ताव पारित करवाकर केंद्र में भेजा। सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रधानमंत्री से मिले और अंतत: अपने स्तर से बिहार में जातीय गणना कराने का ऐतिहासिक और क्रांतिकारी निर्णय लिया।
पूरे प्रदेश में हर्ष का माहौल
प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने अपने संदेश में पूरे प्रदेश में आभार यात्रा को सफल बनाने के लिए पार्टी के तमाम पदाधिकारियों सभी प्रकोष्ठ एवं कार्यकर्ताओं के प्रति व्यक्तिगत रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा जातीय गणना कराए जाने के निर्णय से पूरे प्रदेश में हर्ष का माहौल है।

About Post Author

You may have missed