राजद नेताओं की मांग, बाढ़ दुष्कर्म कांड के आरोपियों को मिले फांसी की सजा

बाढ़। बाढ़ विधानसभा की राजद नेत्री नमिता कुमारी उर्फ़ नमिता नीरज सिंह ने बाढ़ में समाज को शर्मसार कर देने वाली घटित घटना का जिक्र करते हुए वर्त्तमान सरकार पर हल्ला बोला है और कहा कि नीतीश सरकार में महिलाएं असुरक्षित हैं। महिलाओं पर आए दिन अत्याचार हो रहा है और इसकी सुध बुध लेने वाला कोई नहीं है। राज्य में लगातार ऐसी घटनाएं घटित हो रही है, जिसमें महिलाओं का शोषण हो रहा है। आपको बता दें कि कल बाढ़ अनुमंडल में एक शर्मनाक घटना घटित हुई थी, जहां जिउतिया व्रत की हुई एक महिला गंगा स्नान करने गई थी, लेकिन वहां मौजूद एक वहशी दरिंदे ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। जबकि उसके साथी ने उसका वीडियो बनाया और फिर उसे वायरल भी कर दिया। उक्त घटना पर नमिता नीरज सिंह ने सरकार एवं प्रशासन से अपील की है कि इस केस का स्पीडी ट्रायल किया जाए और संबंधित आरोपी को सख्त से सख्त सजा अविलम्ब दिया जाए, जिससे कि समाज में एक मिसाल कायम हो। आए दिन इस तरह की घटनाओं से समाज पर बहुत ही बुरा प्रभाव पड़ता है। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान समय में कानून-व्यवस्था अपने हाशिये पर है और राज्य में अपराधियों का बोलबाला चरम पर है।

वहीं राजद बाढ़ के अध्यक्ष राजीव कुमार चुन्ना ने कहा कि जलगोबिन्द में महिला के साथ हुये बलात्कार की घटना यह साबित करती है कि बिहार में लाॅ एण्ड ऑर्डर खत्म हो गया है। बाढ़ की कानून व्यवस्था चौपट है। आरोपी पर स्पीडी ट्रायल चलाया जाय और फांसी की सजा दी जाये।