AK-47 बरामद कांड में बाहुबली विधायक अनंत सिंह दोषी करार : एमपी-एमएलए कोर्ट ने सुनाया फैसला, 21 जून को होगी सजा

पटना। राजधानी पटना से बड़ी खबर आ रही है। बाढ़ के चर्चित एके-47 बरामदगी मामले में एमपी एमएलए कोर्ट ने राजद के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को दोषी करार दिया है। इस चर्चित मामले की सुनवाई स्पीडी ट्रायल बेसिस पर हो रही थी। इस मामले के निर्णय पर सभी राजनीतिक दलों की निगाहें जमी थी।इस मामले में राजद के बाहुबली विधायक अनंत सिंह मुख्य आरोपी है। आज मामले की फाइनल सुनवाई करते हुए अदालत ने अनंत सिंह को इस मामले में दोषी सिद्ध किया है।इस मामले में विधायक अनंत सिंह को आगामी 21 जून को सजा सुनाई जाएगी। राजद के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की सजा का ऐलान 21 जून को न्यायालय के द्वारा किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि विधायक के बाढ़ के नदवा स्थित आवास पर पुलिस ने वर्ष 2019 में छापेमारी की थी और एके-47 राइफल, हैंड ग्रेनेड और कारतूस बरामद होने का दावा किया था।बाढ़ की तात्‍कालीन एएसपी लि‍पि सिंह के नेतृत्‍व में 16 अगस्‍त को छापेमारी के दौरान पु‍लिस ने विधायक के पैतृक घर से अवैध हथियार बरामद करने का दावा किया था। अब इसी मामले में कोर्ट ने उन्हें दोषी करार दिया है। इस मामले में विधायक समेत दो लोगों के खिलाफ सुनवाई की गई थी। अभियोजन ने अपना आरोप साबित करने के लिए अदालत में 13 गवाह पेश किया था। बचाव पक्ष की ओर से 34 गवाहों का बयान कलमबंद करवाया गया है।इससे पहले 2015 में अनंत सिंह के पटना स्‍थ‍ित सरकारी आवास से इंसास राइफल की मैगजीन और विदेशी बुलेटप्रूफ जैकेट बरामद किए जाने का मामला भी दर्ज किया जा चुका है। दोनों ही मामलों की सुनवाई अंतिम दौर में है।

अनंत सिंह मोकामा से वर्ष 2005 से विधायक हैं। अनंत सिंह ने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के छत्रछाया में की थी। 2005 के दोनों चुनाव फरवरी तथा नवंबर एवं 2010 के विधानसभा चुनाव में अनंत सिंह जदयू के टिकट पर विधानसभा पहुंचे थे। 2015 के विधानसभा चुनाव के पूर्व राजद जदयू गठबंधन के चक्कर में पहली बलि जदयू ने अनंत सिंह की चढ़ाई जिसके चलते अनंत सिंह को निर्दलीय मैदान में उतरना पड़ा।2 015 के चुनाव में अनंत सिंह निर्दलीय विधानसभा पहुंचे थे। 2019 के लोकसभा चुनाव में बाहुबली विधायक अनंत सिंह की पत्नी नीलम सिंह महागठबंधन की ओर से मुंगेर लोकसभा क्षेत्र में मैदान में उतरी थी। जहां उन्हें जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने परास्त किया था।2020 के चुनाव में राजद के टिकट पर अनंत सिंह विधानसभा के लिए चुने गए अभी हाल ही में संपन्न विधान परिषद त्रिस्तरीय निकाय के चुनाव में अनंत सिंह के बेहद करीबी कार्तिक मास्टर पटना से राजद के टिकट पर चुनाव जीत गए थे।

About Post Author

You may have missed