बिहार के कई जिलों में 26 तक तेज आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी, मौसम विभाग ने किया सावधान

पटना। भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए यह जरूरी खबर है। राज्य में आगामी 26 मई तक ओलावृष्टि और आंधी-पानी के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसे में गुरूवार को किशनगंज, कटिहार और पूर्णिया में कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है। सूबे में बारिश की गतिविधियों की सक्रियता बढ़ने के साथ अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। कुछ जिलों में तापमान का यह अंतर आठ से 12 डिग्री तक का देखा गया। राज्य में दो दिन पहले तक लू झेल रहे जिलों में सुबह में पंखे की हवा से सिहरन की स्थिति रही। 21 मई को पटना का अधिकतम तापमान 42 डिग्री था, वहीं 23 मई को 30.5 डिग्री दर्ज किया गया। बुधवार को फिर से 37.1 डिग्री पर अधिकतम तापमान पहुंचने से दिन में गर्मी महसूस हुई। मौसमविदों के मुताबिक अभी एक-दो दिन मौसम की यह प्रवृत्ति कई जिलों में दिख सकती है। बुधवार को औरंगाबाद में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, मौसम विभाग ने दक्षिण बिहार के जिलों में एक-दो जगहों पर मेघ गर्जन, बिजली चमकने और 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की हवा के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं वर्तमान परिस्थितियों और पूर्वानुमानों के अनुसार 27 मई से सूबे में किसी भी तरह का कोई अलर्ट नहीं हैं। बुधवार को पटना सहित राज्य के 27 शहरों का अधिकतम तापमान ऊपर चढ़ा। वही पटना सहित कई जिलों में आंशिक बादल छाये रहे। सुबह में ठंडी हवा से मौसम सुहाना बना रहा पर दोपहर में उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान किया। वातावरण में नमी से पसीने वाली गर्मी से लोग दो-चार हुए। उत्तर बिहार के कई जिलों में आंधी-पानी की गतिविधि भी सुबह में रही, लेकिन दिन चढ़ने के साथ पटना सहित दक्षिण बिहार के जिलों में धूप और उमस वाली गर्मी ने लोगों को परेशान किया।

About Post Author

You may have missed