February 28, 2026

बेगूसराय में ग्रामीण चिकित्सक की गोली मारकर हत्या, घटना के बाद हथियार लहराते फरार हुए बेखौफ अपराधी

बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिलें में बेखौफ अपराधियों ने शुक्रवार की देर शाम एक ग्रामीण चिकित्सक की गोली मारकर हत्या कर दी। इस हत्या के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हत्या की ये घटना मटिहानी थाना क्षेत्र के जिला पुनर्वास गांव की है। मृतक ग्रामीण चिकित्सक की पहचान सिहमा गांव के रहने वाले रामाकांत सिंह के पुत्र डॉक्टर क्रांति कुमार के रूप में की गई है। बताया जाता है कि डॉक्टर क्रांति कुमार अपने क्लिनिक पर थे तभी दो बाइक पर पांच अपराधियों ने निजी क्लीनिक पर पहुंचकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक अपराधियों ने उसे गोली मार दी। गोली चलने और ताबड़तोड़ फायरिंग की आवाज सुनकर लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान अपराधियों की एक गोली डॉक्टर के सीने में लगी। गोली लगते ही ग्रामीण चिकित्सक वहीं पर बेहोश होकर गिर पड़ा और अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गये।

जिसके बाद वहां पर मौजूद ग्रामीणों ने आनन-फानन में उस जगह से उठाकर इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। इस घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने मटिहानी थाना पुलिस को दी। मौके पर मटिहानी थाने की पुलिस पहुंची और घटना की तफ्तीश में जुटी हुई है। वही घटना के बाद मृतक चिकित्सक क्रांति कुमार की बहन एवं परिजनों ने गांव के ही एक दबंग मुखिया पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पर भी अपराधियों के साथ मिलीभगत का आरोप लगाते हुए मृतक के परिजनों ने कहा कि मृतक क्रांति कुमार के द्वारा लगातार पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई जा रही थी लेकिन पुलिस ने कभी इसे गंभीरता से नहीं लिया।

You may have missed