January 28, 2026

CM नीतीश ने की घोषणा : महान सम्राट अशोक की जयंती राजकीय समारोह के रुप में मनेगी

  • मुख्यमंत्री ने महान सम्राट अशोक की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को महान सम्राट अशोक की जयंती के अवसर पर राजधानी के सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र परिसर में स्थापित सम्राट अशोक की सांकेतिक मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि महान सम्राट अशोक की जयंती राजकीय समारोह के रुप में मनायी जाएगी। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री संजय कुमार कुमार झा ने भी माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस मौके पर सीएम के अतिरिक्त परामर्शी मनीष कुमार वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव सह आयुक्त पटना प्रमंडल कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, डीएम चंद्रशेखर सिंह, एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के पश्चात पत्रकारों से बातचीत करते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि सम्राट अशोक की जन्मतिथि का हमने पता लगवाया। सम्राट अशोक के जन्मदिवस पर काफी विवाद था। हमने एक्सपर्ट को बुलाकर जयंती मनाने का दिन तय किया। विचार-विमर्श के पश्चात चैत में अष्टमी के दिन सम्राट अशोक की जयंती मनाने का दिन तय हुआ। इस दिन सरकारी स्तर पर एक दिन के अवकाश का प्रावधान पूर्व में ही कर दिया गया था। अब आगे से इस दिवस को राजकीय समारोह के रूप में मनाया जायेगा। आप सबों को मालूम है कि इस कन्वेंशन केन्द्र का नामकरण हमने सम्राट अशोक के नाम पर किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पहले से कोई तस्वीर नहीं थी। एक्सपर्ट लोगों से विचार-विमर्श कर उनकी सांकेतिक मूर्ति का निर्माण कराया गया। यहां हम हर बार आकर इनकी जयंती पर माल्यार्पण करते रहे हैं। अब आगे से इस दिवस को भी हमेशा के लिए राजकीय समारोह के रुप में शामिल कर दिया जाएगा।
वहीं बिहार विधान परिषद् के चुनाव नतीजे पर पत्रकारों द्वारा पूछे गये प्रश्न पर सीएम नीतीश ने कहा कि एमएलसी चुनाव में आम जनता वोटिंग नहीं करती है। इसमें लिमिटेड लोग वोट करते हैं। कुछ जगहों पर तो हमलोगों को आश्चर्य हुआ कि उम्मीदवार कह रहे थे कि हम पक्का जीत रहे हैं लेकिन रिजल्ट दूसरा हुआ। इसका तो रुप ही अलग होता है। इसमें कौन कितना जीतेगा, इसके बारे में कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। जो भी उम्मीदवार जीतकर आए हैं, उन सबलोगों को मेरी तरफ से बधाई है। बोचहां उपचुनाव पर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बोचहां उपचुनाव के प्रचार में जायेंगे और मुझे लगता है कि एनडीए उम्मीदवार की जीत होगी।

You may have missed