गया में घरेलू कलह से तंग आकर महिला 3 बच्चों के साथ तालाब में कूदी, 2 की गई जान, 1 बच्चा लापता
गया। गया में एक महिला ने आत्महत्या की नीयत से अपने तीन बच्चों को लेकर तालाब में छलांग लगा दी। इस घटना में दो बच्चों की मौत हो गई है जबकि तीसरा लापता है। घटना गुरुआ थाना क्षेत्र के डोमिया गांव के सूर्यमंदिर तालाब की है। वहां मौजूद कुछ मछुआरों ने महिला को अपने बच्चों के साथ तालाब में कूदते हुए देख लिया जिसके बाद उन्होंने फौरन तालाब में छलांग लगा कर महिला को डूबने से बचा लिया लेकिन तीनों बच्चे गहरे पानी में डूब गए। बाद में दो बच्चों के शव बरामद किया गया। जबकि एक बच्चा लापता है जिसकी तलाश जारी है।

बताया जा रहा हैं की डोमिया गांव की रहने वाली रेखा देवी घरेलू विवाद में अपने तीन बच्चों को लेकर तालाब में कूद गई थी। महिला को स्थानीय मछुआरों के द्वारा समय रहते सही सलामत बाहर निकाल दिया गया। महिला को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं, पानी में डूबे तीन बच्चों में से दो के शव बरामद कर बाहर निकाल लिया गया है। जबकि गोताखोरों के द्वारा लापता तीसरे बच्चे की तलाश की जा रही है। महिला के बच्चों की उम्र पांच साल, छह साल और आठ साल बतायी जा रही है।सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोगों की भीड़ तालाब के किनारे जुट गई। स्थानीय विधायक विनय यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि महिला रेखा देवी का पति संतोष शर्मा अन्य राज्य में काम करता है।

