February 18, 2026

PATNA : नये साल पर शराब पार्टी व नशे में हंगामा करते 14 आरोपी गिरफ्तार, भेज गए जेल

पटना। नए साल के जश्न में शराब पार्टी करते व नशे में धुत होकर हंगामा करने के आरोप में राजधानी पटना के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई छापेमारी में कुल 14 लोगों को पकड़ा गया। इनके पास से शराब की बोतलें, डिस्पोजल गिलास आदि भी बरामद की गई है। पकड़े गए सभी आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया है।
इन जगहों से हुई गिरफ्तारियां
पीरबहोर थाना प्रभारी सबीह उल हक ने बताया कि शुक्रवार की रात नया गांव स्थित जूनियर मदरसा गली में प्रभु राय के संयुक्त मकान में छत के ऊपर शराब पार्टी की जा रही थी। छापेमारी के दौरान शराब पीने के आरोप में अमरनाथ कुमार, रोहित कुमार, बिट्टू कुमार व कृष्णा कुमार को पकड़ा गया। इनके कब्जे से तीन बोतल अंग्रेजी शराब व डिस्पोजल गिलास बरामद हुई। ब्रेथ एनलाइजर से की गई जांच में ये सभी शराब के नशे में पाए गए। जक्कनपुर थाना प्रभारी सुदामा प्रसाद ने बताया कि करबिगहिया के पास शराब पीकर हंगामा करने के आरोप में राजू पंडित, राजू सहनी व विजय कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। दीघा थाना प्रभारी राजाराम पांडे ने बताया कि दीघा नहर के पास शराब पीने व शराब बरामद होने पर अजय कुमार व सत्येंद्र कुमार निवासी जहाजघाट को गिरफ्तार किया गया। कंकड़बाग पुलिस ने पोस्टल पार्क के पास शराब के नशे में धुत चांदमारी के अमित कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बुद्धा कॉलोनी थाना प्रभारी निहार भूषण ने किदवईपुरी में शराब पीकर हंगामा करते निरंजन कुमार को गिरफ्तार किया है। वहीं एयरपोर्ट थाने की पुलिस ने शुक्रवार की रात चेकिंग के दौरान शेखपुरा मोड़ के पास शराब के नशे में धुत दो बाइक सवार युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

You may have missed