February 24, 2026

BIHAR : पंचायत चुनाव के पहले चरण में 5 बजे तक 59.85% मतदान : वोट डालने में महिलाएं रही आगे

पटना। बिहार में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान छिटपुट घटनाओं के बीच संपन्न हो गया। आज 10 जिलों के 12 प्रखंडों में मतदान हुआ है। शाम पांच बजे तक कुल 59.85% वोटिंग हुई है। रोहतास में सबसे अधिक 62.50% वोटिंग हुई है। कई जिलों में शाम पांच बजे के बाद भी मतदाता लाइनों में लगे देखे गए।


राज्य निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार पंचायत चुनाव में रोहतास के बाद औरंगाबाद में 62%, कैमूर में 60.04%, गया में 60.50%, नवादा में 57.75%, जहानाबाद में 56.69%, अरवल में 59%, बांका में 61%, मुंगेर में 57.50% और जमुई में 61.50% मतदान शाम 5 बजे तक हुआ है। बिहार पंचायत चुनाव के पहले चरण में 12 प्रखंडों के 151 पंचायतों में से 4 नक्सल प्रभावित प्रखंडों की 40 पंचायतों में शाम 4 बजे तक मतदान खत्म हो गया। जहानाबाद के काको प्रखंड के 14 पंचायतों, रोहतास के दावथ के 9 पंचायतों, नवादा जिले के गोविंदपुर प्रखंड के 9 पंचायतों और अरवल के सोनभद्र-वंशी-सूर्यपुर प्रखंड के 8 पंचायतों में मतदान खत्म हो गया है। इन प्रखंडों के नक्सल प्रभावित प्रखंड होने की वजह से यहां 4 बजे तक ही मतदान होना था। हालांकि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश के मुताबित जो वोटर, वोटिंग की लाइन में खड़े हैं, उनके वोट डालने तक वोटिंग जारी थी।


पंचायत चुनाव में महिलाएं रही टॉप पर
सभी प्रखंडों में महिलाओं का ओवरआल वोटिंग प्रतिशत पुरुषों की तुलना में ज्यादा रहा है। निर्वाचन आयोग ने शाम पांच बजे तक पांच जिलों से मिली जानकारी के अनुसार जो जानकारी दी है, उसके अनुसार कैमूर में 57.66 पुरुषों जबकि 62.41 प्रतिशत महिला ने वोट किया, इसी तरह नवादा में 53.50 पुरुषों जबकि 62 प्रतिशत महिला, जहानाबाद में 58.22 पुरुषों जबकि 55.15 प्रतिशत महिला, मुंगेर में 49 पुरुषों जबकि 66 प्रतिशत महिला, जमुई में 58 पुरुषों जबकि 65 प्रतिशत महिला ने वोट किया।
15,328 प्रत्याशियों ने विभिन्न पदों के लिए नामांकन किया
पहले चरण में 15,328 प्रत्याशियों ने विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया था। कुल 4985 विभिन्न पदों के लिए हो रहे मतदान में 858 पदों पर प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन हो गया है। वहीं 72 पदों पर किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। पहले चरण में ग्राम पंचायत सदस्य के 2233 पदों को लेकर 8611 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। ग्राम कचहरी पंच के 2233 पदों को लेकर 3225 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। मुखिया के 151 पद के लिए 1294 ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। सरपंच के 151 पदों के विरुद्ध 772 नामांकन किए गए हैं। पंचायत समिति सदस्य के 195 पदों के लिए 1205 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। जिला परिषद के 22 पदों के लिए 221 प्रत्याशी हैं। वहीं वोटर 11,48,044 हैं। कुल 14,000 चुनावकर्मियों को बूथों पर तैनात किया गया है।
वोटिंग से जुड़ी समस्याओं और जानकारी के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने 1800-3457-243 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।

You may have missed