ललन सिंह का तेजस्वी पर तंज : महज 9वीं पास लोग बिहार में रोजगार की बात कर रहे, एक बार आंकड़ा निकालकर देख लें
- मिलन समारोह : पूर्व एमएलसी व लोजपा कोर कमिटी के सदस्य विनोद सिंह जदयू में हुए शामिल, ललन सिंह ने दिलाई सदस्यता
पटना। जदयू कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में मिलन समारोह का आयोजन किया गया। उक्त समारोह में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने लोजपा कोर कमिटी के सदस्य सह पूर्व विधान पार्षद विनोद सिंह को जदयू की सदस्यता दिलाई। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने की।
इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए ललन सिंह ने कहा कि जदयू युवाओं को बढ़ावा देने की ओर अग्रसर है और इसी के तहत पूर्व एमएलसी विनोद कुमार सिंह पार्टी में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि विनोद सिंह की घर वापसी हुई है और इससे उम्मीद है कि पार्टी और मजबूत होगी। उन्होंने यह भी कहा कि आनेवाले समय में 2024 का लोकसभा और 2025 का विधानसभा चुनाव है। उस लक्ष्य को ध्यान में रखकर पार्टी को मजबूत करने की तैयारी जोर-शोर से चल रही है।
3 लाख 49 हजार नौजवानों की बहाली की
वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने किसी का नाम लिए बगैर कहा कि महज 9वीं पास लोग बिहार में रोजगार की बात कर रहे हैं। जबकि बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 15 सालों में लोगों को कितना रोजगार दिया गया है, इसका आंकड़ा एक बार निकालकर देख लें। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के तहत बिहार में महिला पुलिस की बहाली के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने 3 लाख 49 हजार नौजवानों की भी बहाली की है। उन्होंने बिहार में कानून का राज स्थापित करने के लिए भी नीतीश सरकार की सराहना कि और कहा कि आनेवाले समय में बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार का नाम स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। वहीं उन्होंने सरकार द्वारा चलाए जा रहे सात निश्चय योजना की भी खुलकर तारीफ की और स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड की चर्चा करते हुए कहा कि 1 लाख 35 हजार लोगों को इसका लाभ दिया गया है।
हमारा मकसद ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ें
वहीं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने भी विनोद सिंह के पार्टी में शामिल होने पर बधाई दी और कहा कि उनके पार्टी में शामिल होने से पार्टी की ताकत बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि हमारा मकसद है कि पार्टी में ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ सकें। इसी के तहत पार्टी अपनी मजबूती अभियान में लगी है और आनेवाले समय में हमारा जो लक्ष्य है, उसे हासिल करना है।
इस मौके पर मंत्री संजय झा, अशोक चौधरी, राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र प्रसाद सिंह, मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष संजय सिंह तथा मुख्यालय प्रभारी डॉ. नवीन कुमार आर्य, मृत्युंजय कुमार सिंह, मनीष कुमार, वासुदेव कुशवाहा एवं रंजीत झा समेत कई नेता उपस्थित थे।


